रायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) ने अपने यूनिफाइड पोर्टल के अपग्रेड और डेटाबेस कंसोलिडेशन के बाद कई महत्वपूर्ण बदलाव लागू किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (यूएएन) से जुड़ा है। अब ईपीएफओ के सदस्य वेबसाइट के माध्यम से न तो यूएएन एक्टिवेट कर सकेंगे और न ही नया यूएएन जनरेट कर पाएंगे। यह सुविधा अब केवल केंद्र सरकार के उमंग (UMANG) ऐप के जरिए उपलब्ध होगी।
ईपीएफओ के अनुसार ऑनलाइन सेवाओं को अधिक सुरक्षित, तेज और भरोसेमंद बनाने के उद्देश्य से पोर्टल का नया इंटरफेस भी तैयार किया गया है। नए पोर्टल में कई सेवाओं को होम पेज पर ही उपलब्ध कराया गया है, जिससे सदस्यों और नियोक्ताओं को सुविधाओं का लाभ आसानी से मिल सके। शुरुआती दो सप्ताह तक सभी दावों और सेवा अनुरोधों की अतिरिक्त सत्यापन के साथ चरणबद्ध तरीके से प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
ऐसे करें यूएएन एक्टिवेट
यूएएन एक्टिवेशन के लिए सबसे पहले गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से उमंग ऐप डाउनलोड करें। इसके बाद ऐप में EPFO Services सेक्शन खोलें और Face Authentication के जरिए UAN Activation विकल्प चुनें। आधार आधारित फेस ऑथेंटिकेशन पूरा करने के बाद स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों का पालन करें। प्रक्रिया पूरी होते ही यूएएन सक्रिय हो जाएगा। नया यूएएन जनरेट करने की सुविधा भी अब इसी ऐप पर उपलब्ध होगी।
क्या है उमंग ऐप?
यूनिफाइड मोबाइल एप्लीकेशन फॉर न्यू-एज गवर्नेंस (UMANG) भारत सरकार का ऑल-इन-वन डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसे इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय और नेशनल ई-गवर्नेंस डिवीजन ने विकसित किया है। इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से केंद्र, राज्य और स्थानीय सरकारी विभागों की 1,700 से अधिक सेवाएं एक ही ऐप पर उपलब्ध हैं। यह ऐप 22 भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है और आधार आधारित सत्यापन व एन्क्रिप्टेड सुरक्षा प्रणाली के कारण सुरक्षित माना जाता है।
ईपीएफओ ने सदस्यों की सहायता के लिए 14470 हेल्पडेस्क नंबर भी जारी किया है, जहां यूएएन, पीएफ खाते और अन्य सेवाओं से जुड़ी समस्याओं का समाधान प्राप्त किया जा सकता है।


















