रायपुर के परेड ग्राउंड में स्वतंत्रता दिवस का राज्य स्तरीय मुख्य समारोह आयोजित किया गया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने समारोह में ध्वजारोहण कर तिरंगे को सलामी दी। इसके बाद परेड में शामिल 17 प्लाटून ने मार्चपास्ट कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। समारोह के दौरान घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। वहीं, स्कूली छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर समारोह में रंग भर दिया।
पुलिस अधिकारियों और जवानों को पदक से किया सम्मानित
स्वतंत्रता दिवस के मुख्य समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और कर्तव्यनिष्ठा के लिए पदक-अलंकरण से सम्मानित किया गया। इस दौरान कुल 13 पुलिस पदक प्रदान किए गए। इनमें एक राष्ट्रपति पदक, 10 पुलिस पदक और दो सराहनीय सेवा पदक शामिल रहे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने पदक प्राप्त करने वाले पुलिस अधिकारियों और जवानों को सम्मानित किया।
रायपुर में स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय मुख्य समारोह को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परेड ग्राउंड में आयोजित समारोह में 17 प्लाटून परेड में हिस्सा लेंगी। इसके साथ ही घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून की आकर्षक प्रस्तुतियां समारोह का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
समारोह में पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पदक और अलंकरण प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उनके कर्तव्य और सेवाओं के प्रति समर्पण को देखते हुए यह सम्मान दिया जाएगा।
843 छात्र पेश करेंगे देशभक्ति कार्यक्रम
मुख्य समारोह में 843 स्कूली छात्र-छात्राएं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। इन प्रस्तुतियों के जरिए विद्यार्थियों की ओर से देशभक्ति की भावना के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला और संस्कृति की झलक भी दिखाई जाएगी।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
स्वतंत्रता दिवस के इस भव्य आयोजन को देखते हुए प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। समारोह स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान दिया गया है, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।


















