सेंसेक्स 1200 अंक से अधिक उछलकर 76821 के लेवल को हिट कर चुका है। निफ्टी भी 24000 के पार जाने में सफल रहा। बीएसई पर निवेशकों को एक घंटे से भी कम समय में 10 करोड़ रुपये का फायदा हुआ है। सेंसेक्स पर सनफार्मा को छोड़ सभी शेयर हरे निशान पर हैं। इटरनल में 4.66 प्रतिशत की तेजी है और यह 2551.15 रुपये पर पहुंच गया है।
ईरान-अमेरिका युद्ध खत्म होने की खबरों के चलते आज घरेलू शेयर मार्केट बमबम बोल रहा है। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स के सभी शेयर हरे रंग में खुले। सेंसेक्स 1197 अंकों की तूफानी तेजी के साथ 76725 पर खुला। जबकि, एनएसई के निफ्टी ने 361 अंकों की छलांग के साथ 23985 के लेवल से आज के कारोबार की शुरुआत की।
सुबह गिफ्ट निफ्टी 23,987 के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद भाव से करीब 300 अंक ऊपर है। इससे संकेत मिल रहे हैं कि बाजार की शुरुआत मजबूत बढ़त के साथ हो सकती है। बता दें शुक्रवार को बाजार में शानदार तेजी देखने को मिली थी। बीएसई सेंसेक्स 1,695 अंक (2.30%) उछलकर 75,527.95 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 50 461 अंक (1.99%) चढ़कर 23,622.90 के स्तर पर पहुंच
अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते की खबर से सोमवार को एशियाई शेयर बाजारों में जबरदस्त तेजी देखने को मिली। वहीं, गिफ्ट निफ्टी 227 अंकों की उछाल के साथ 23922 पर ट्रेड कर रहा था। ऐसे में आज घरेलू शेयर मार्केट में तूफानी तेजी देखने को मिल सकती है। सेंसेक्स 76000 के पार खुल सकता है।
बता दें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि दोनों देशों के बीच समझौता हो गया है और होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है। इस खबर के बाद तेल की कीमतों में गिरावट आई और निवेशकों का भरोसा मजबूत हुआ।
जापान का निक्केई 4% उछला
जापान का प्रमुख शेयर सूचकांक निक्केई-225 शुरुआती कारोबार में करीब 4% तक चढ़ गया, जबकि टॉपिक्स इंडेक्स में 2.3% तक की तेजी दर्ज की गई। इलेक्ट्रॉनिक्स, बैंकिंग और मैन्युफैक्चरिंग कंपनियों के शेयरों में सबसे ज्यादा खरीदारी देखी गई। विशेषज्ञों का कहना है कि तेल की कीमतों में गिरावट से जापानी कंपनियों की लागत कम होगी, जिससे मुनाफे पर सकारात्मक असर पड़ सकता है।
दक्षिण कोरिया का कोस्पी 5% तक चढ़ा
दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स भी 5.2% तक उछल गया। टेक्नोलॉजी और सेमीकंडक्टर शेयरों में जोरदार खरीदारी देखने को मिली। पिछले कुछ हफ्तों से पश्चिम एशिया के तनाव और एआई सेक्टर में मुनाफावसूली के कारण दबाव में रहे बाजारों को इस खबर से बड़ी राहत मिली है।
Crude Oil Price में भारी गिरावट
शांति समझौते की खबर आते ही ब्रेंट क्रूड 3% से ज्यादा टूटकर 84 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया। वहीं अमेरिकी WTI क्रूड भी 3.4% गिरकर 81.99 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। होर्मुज दुनिया के सबसे अहम तेल मार्गों में से एक है। युद्ध के दौरान यहां आवाजाही बाधित होने से एशियाई देशों की सप्लाई चेन पर दबाव बढ़ गया था। जापान अपनी तेल जरूरतों का 90% से ज्यादा हिस्सा पश्चिम एशिया से आयात करता है
SpaceX IPO का भी असर
दुनिया के सबसे बड़े IPO के रूप में सामने आए SpaceX की शानदार लिस्टिंग के बाद उससे जुड़ी कंपनियों के शेयरों में भी तेजी की उम्मीद जताई जा रही है। विश्लेषकों का मानना है कि एआई और स्पेस टेक्नोलॉजी से जुड़े शेयरों में निवेशकों की दिलचस्पी बनी रह सकती है।
निवेशकों की निगाह अब अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक, बैंक ऑफ जापान की मौद्रिक नीति, ब्याज दरों पर फैसलों, अमेरिका-ईरान समझौते के अंतिम हस्ताक्षर पर रहेगी।
भारतीय बाजार पर क्या असर?
अगर शांति समझौता औपचारिक रूप से लागू होता है और तेल कीमतें नीचे बनी रहती हैं, तो भारतीय शेयर बाजार को भी मजबूत समर्थन मिल सकता है। कम तेल कीमतें भारत के लिए महंगाई और चालू खाते के घाटे दोनों मोर्चों पर राहत लेकर आ सकती हैं।

















