लखनऊ में हुए अग्निकांड के बाद देशभर में कोचिंग संस्थानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सख्ती बढ़ गई है। इसी क्रम में छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी प्रशासन ने बड़े पैमाने पर निरीक्षण अभियान चलाया। निरीक्षण के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में अव्यवस्था, सुरक्षा मानकों की कमी और बुनियादी सुविधाओं में खामियां पाई गईं। इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित संस्थानों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि वे सभी कमियों को 7 दिनों के भीतर सुधार लें। प्रशासन का कहना है कि छात्रों की सुरक्षा से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिन संस्थानों में अग्नि सुरक्षा, आपातकालीन निकासी व्यवस्था और भवन मानकों में कमी पाई गई है, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
7 कोचिंग का निरीक्षण किया गया
दो दिवसीय अभियान के दौरान शहर के 7 प्रमुख कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया गया. टीम ने प्रवेश और निकास व्यवस्था, फायर एनओसी, अग्निशामक यंत्र, वेंटिलेशन, विद्युत सुरक्षा, सीढ़ियों की सुरक्षा, क्षमता अनुरूप संचालन तथा अन्य सुरक्षा मानकों की जांच की.
इनमें सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक मिली
निरीक्षण में अनअकादमी, विद्यापीठ और एलन कोचिंग संस्थानों में अधिकांश सुरक्षा व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं. हालांकि कुछ स्थानों पर वेंटिलेशन और क्षमता अनुरूप संचालन को लेकर सुधार संबंधी सुझाव दिए गए हैं.
7 दिनों में सुधार करने के निर्देश
वहीं, अकादजा, आरसीसी अकादमी, आभा लाइब्रेरी और टुटेजा अकादमी में कई गंभीर कमियां सामने आईं. जांच के दौरान कुछ संस्थानों में फायर एनओसी का अभाव, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की कमी, आपातकालीन निकास की अपर्याप्त व्यवस्था, खराब वेंटिलेशन और विद्युत सुरक्षा मानकों में खामियां पाई गईं.
अग्निशमन विभाग ने इन कमियों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित संस्थानों के खिलाफ आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की है. सभी संबंधित संस्थानों को नोटिस जारी कर 7 दिनों के भीतर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं.
अव्यवस्था होने पर कड़ी कार्रवाई होगी
नगर निगम ने संबंधित जोनों को भवन अनुमति, बीसीसी, स्वीकृत क्षमता, पार्किंग व्यवस्था और अन्य वैधानिक प्रावधानों की भी जांच करने के निर्देश दिए हैं. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि के बाद दोबारा निरीक्षण किया जाएगा और निर्देशों का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी.


















