रायपुर। राजधानी रायपुर की सड़कों को जाम मुक्त करने के लिए प्रशासन का ‘डंडा’ एक बार फिर चला है। ‘टीम प्रहरी’ अभियान के तहत आज नगर निगम जोन-9 की टीम ने मोवा ब्रिज से दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर बड़ी कार्रवाई की। क्रेन और बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों को जमींदोज कर दिया गया, जिससे लंबे समय से जाम की समस्या झेल रहे राहगीरों को बड़ी राहत मिली है।
कलेक्टर-कमिश्नर के कड़े तेवर जिला कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह, नगर निगम आयुक्त विश्वदीप और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर निगम की उड़न दस्ता टीम सुबह ही मोवा-दलदल सिवनी मार्ग पर पहुंच गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से क्षेत्र के अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।
कार्रवाई की पूरी डिटेल
- 13 अवैध शेड: दुकानों के सामने सड़क घेरकर बनाए गए शेड को क्रेन से तोड़ा गया।
- 20 गुमटियां जब्त: यातायात में बाधा बन रही अवैध गुमटियों को जब्त कर नगर निगम मुख्यालय भेजा गया।
- सड़क हुई चौड़ी: कार्रवाई के बाद मार्ग अब पूरी तरह साफ और चौड़ा नजर आ रहा है।
इन अधिकारियों के नेतृत्व में चला बुलडोजर
यह पूरी कार्रवाई जोन-9 कमिश्नर अंशुल शर्मा के मार्गदर्शन में संपन्न हुई। मौके पर कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता सैयद जोहेब, संदीप तिवारी और उप अभियंता अतुल बंसल सहित निगम का भारी अमला मौजूद रहा।
जनता को जाम और हादसों से मिलेगी राहत
मोवा से दलदल सिवनी मार्ग रायपुर के सबसे व्यस्त इलाकों में से एक है। अवैध कब्जों के कारण यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं होती थीं और पीक ऑवर्स में निकलना दूभर हो गया था। ‘टीम प्रहरी’ ने स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के किसी भी मुख्य मार्ग पर स्थायी या अस्थायी अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।



















