रायपुर। South East Central Railway के Nagpur Division अंतर्गत Gondia Railway Station में अधोसंरचना सुधार कार्य के चलते 20 दिनों का ब्लॉक लिया जाएगा। इस दौरान कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा और दर्जनों गाड़ियां रद्द रहेंगी।
रेलवे प्रशासन के अनुसार गोंदिया स्टेशन के प्लेटफॉर्म क्रमांक-3 (लाइन नंबर-05) पर स्थित वॉशेबल एप्रन को हटाकर उसे बैलेस्टेड ट्रैक में परिवर्तित किया जाएगा। इस कार्य के लिए 05 अप्रैल से 24 अप्रैल 2026 तक अप मेन लाइन पर यातायात पूरी तरह बंद रहेगा।
कई प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनें रद्द
ब्लॉक अवधि के दौरान लंबी दूरी की कई महत्वपूर्ण ट्रेनें रद्द रहेंगी। इनमें शालीमार-लोकमान्य तिलक टर्मिनल एक्सप्रेस (18030/18029), कोरबा-अमृतसर छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस (18237/18238), गोंडवाना एक्सप्रेस (12410/12409), विशाखापत्तनम-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस (12807/12808) तथा लोकमान्य तिलक टर्मिनल-शालीमार एक्सप्रेस (12101/12102) शामिल हैं।
इसके अलावा बल्लारशाह-गोंदिया मेमू, गोंदिया-कटंगी डेमू सहित कई लोकल पैसेंजर ट्रेनें भी 05 अप्रैल से 25 अप्रैल तक रद्द रहेंगी।
आंशिक रूप से चलेंगी कुछ ट्रेनें
कुछ पैसेंजर ट्रेनों को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त किया जाएगा। ये ट्रेनें हिरदामाली स्टेशन तक ही संचालित होंगी और गोंदिया के बीच का हिस्सा रद्द रहेगा।
वहीं बरौनी-गोंदिया एक्सप्रेस (15231/15232) को दुर्ग स्टेशन तक सीमित कर दिया जाएगा। दुर्ग से गोंदिया के बीच इनका परिचालन बंद रहेगा।



















