रायपुर। राज्य स्थापना की रजत जयंती वर्ष में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता समेत कई विशेष गतिविधियों की श्रृंखला आयोजित करेगा। 8 से 21 दिसंबर के बीच आयोजनों की श्रृंखला में प्रदेश के विभिन्न पर्यटन केंद्रों एवं रिजॉर्ट्स के साथ-साथ पर्यटन बोर्ड के प्रधान कार्यालय रायपुर में भी विविध रचनात्मक कार्यक्रम प्रस्तावित हैं। उत्कृष्ट फोटोग्राफ को भविष्य में छत्तीसगढ़ पर्यटन बोर्ड की प्रचार सामग्री और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर स्थान देने पर भी विचार किया जाएगा। जिससे प्रतिभागियों को व्यापक पहचान मिल सकेगी।

पर्यटन बोर्ड ने 8 दिसंबर से 15 दिसंबर 2025 तक ऑनलाइन फोटोग्राफी प्रतियोगिता आयोजित करने का निर्णय लिया है। प्रतियोगिता के जरिए छत्तीसगढ़ के प्राकृतिक सौंदर्य, सांस्कृतिक विरासत और पर्यटन स्थलों को सामने लाया जाएगा। इससे युवा और शौकिया फोटोग्राफरों को अपनी प्रतिभा दिखाने बेहतर मंच मिलेगा। भारत के किसी भी हिस्से से 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के प्रतिभागी ऑनलाइन माध्यम से अपनी प्रविष्टि भेज सकेंगे। प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ थीम पर आधारित मौलिक फोटोग्राफ निर्धारित ईमेल या ऑनलाइन पोर्टल के जरिए अपलोड करनी होगी। साथ ही अपना नाम, आयु, मोबाइल नंबर, पता और फोटो का संक्षिप्त विवरण दर्ज करना अनिवार्य रहेगा। विजेताओं की घोषणा 19 दिसंबर को की जाएगी। प्रथम पुरस्कार में हिल इको रिसॉर्ट में 2 व्यक्तियों के लिए 2 रात 3 दिन ठहरने की व्यवस्था, द्वितीय पुरस्कार में सोनभद्र टूरिस्ट रिसॉर्ट आमाडोब में 2 व्यक्तियों के लिए 1 रात 2 दिन ठहरने की सुविधा, तृतीय पुरस्कार में 1500 रुपये नकद राशि प्रदान की जाएगी।



















