ब्रेकिंग खबरें

धर्म एवं साहित्यज्योतिष

कब है राधा अष्टमी? जानें डेट, शुभ मुहूर्त और पूजा विधि

Radha Ashtami 2025 : हर साल भाद्रपद मास के शुक्ल पक्ष की अष्टमी तिथि पर राधा रानी का जन्मोत्सव मनाया जाता है। राधा रानी के जन्मोत्सव को राधा अष्टमी कहते हैं। राधा अष्टमी का हिंदू धर्म में विशेष महत्व है। इस खास दिन पर राधा-कृष्ण मंदिरों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की तरह ही राधेकृष्ण-राधेकृष्ण के जयकारे लगते हैं और बड़े ही धूमधाम से राधा अष्टमी मनाया जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार राधा अष्टमी के दिन विधि-विधान से राधा रानी की पूजा करने से राधा रानी की कृपा के साथ ही भगवान श्री कृष्ण की कृपा भी प्राप्त होती है। जीवन के सभी दुख-कष्टों से छुटकारा मिलता है और किशोरीजी अपने भक्तों की सभी मनोकामनाएं पूरी करती हैं। कहा जाता है कि इस दिन व्रत करने से घर में मां लक्ष्मी आती है और मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। राधा रानी के बिना भगवान श्री कृष्ण की पूजा भी अधूरी मानी जाती है। इसलिए राधा अष्टमी का त्योहार भी कृष्ण जन्माष्टमी की तरह बड़ी धूमधाम से मनाया जाता है।

राधा अष्टमी कब है- इस साल राधा अष्टमी 31 अगस्त, रविवार के दिन है।

मुहूर्त-

अष्टमी तिथि प्रारम्भ – अगस्त 30, 2025 को 10:46 पी एम बजे

अष्टमी तिथि समाप्त – सितम्बर 01, 2025 को 12:57 ए एम बजे

पूजा का मध्याह्न समय – 11:05 ए एम से 01:38 पी एम

अवधि – 02 घण्टे 33 मिनट्स

राधा अष्टमी व्रत की पूजा विधि-

प्रातःकाल स्नानादि से निवृत्त हो जाएं। इसके बाद मंडप के नीचे मंडल बनाकर उसके मध्यभाग में मिट्टी या तांबे का कलश स्थापित करें। कलश पर तांबे का पात्र रखें। अब इस पात्र पर वस्त्राभूषण से सुसज्जित राधाजी की सोने (संभव हो तो) की मूर्ति स्थापित करें। तत्पश्चात राधाजी का षोडशोपचार से पूजन करें। ध्यान रहे कि पूजा का समय ठीक मध्याह्न का होना चाहिए। पूजन पश्चात पूरा उपवास करें अथवा एक समय भोजन करें। दूसरे दिन श्रद्धानुसार सुहागिन स्त्रियों तथा ब्राह्मणों को भोजन कराएं व उन्हें दक्षिणा दें।

व्रत करने से होते हैं ये लाभ – राधा अष्टमी का व्रत करने से सभी पापों का नाश होता है। इस दिन विवाहित महिलाएं संतान सुख और अखंड सौभाग्य की प्राप्ति के लिए व्रत रखती हैं। पौराणिक कथाओं के अनुसार, जो लोग राधा जी को प्रसन्न कर देते हैं उनसे भगवान श्रीकृष्ण अपने आप प्रसन्न हो जाते हैं।

What's your reaction?

Related Posts