मुंबई. भारतीय शेयर बाजार की चाल इस हफ्ते कंपनियों की मार्च तिमाही के नतीजे, अमरीकी फेडरल रिजर्व की ओर से बुधवार को ब्याज दर पर लिए फैसले के साथ वैश्विक बाजारों के रुख से निर्धारित होगी. इस हफ्ते अदाणी समूह की कंपनियों समेत 211 कंपनियां अपने तिमाही नतीजे जारी करेंगी.
इजरायल-ईरान संघर्ष के हालात, विदेशी निवेशकों की गतिविधियों, अंतरराष्ट्रीय बाजार में ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतें, डॉलर के मुकाबले रुपए के प्रदर्शन जैसे कारक बाजार को प्रभावित करेंगे. महाराष्ट्र दिवस पर बुधवार को घरेलू शेयर बाजार बंद रहेंगे. विशेषज्ञों ने कहा, शेयर बाजार अभी जिस स्तर पर है, वहां से कहीं भी जा सकता है.
इन कंपनियों के मार्च तिमाही नतीजे आएंगे
दलाल स्ट्रीट पर इस सप्ताह कंपनियों के तिमाही रिजल्ट का ट्रैफिक देखने को मिल सकता है. कुल 211 कंपनियां वित्तीय वर्ष 2024 की चौथी तिमाही के नतीजों की घोषणा करेंगी. इनमें टाटा केमिकल्स, आइओसी, अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी ग्रीन, एमआरएफ, टाइटन, अल्ट्राटेक, डीमार्ट और कोल इंडिया जैसी कंपनियां शामिल हैं. सबसे अधिक कंपनियों के नतीजे 30 अप्रेल और 2 मई को जारी होंगे. 1 मई को अवकाश के बावजूद अदाणी पावर, अंबुजा सीमेंट जैसी कंपनियों के मार्च तिमाही के रिजल्ट आएंगे.

















