छत्तीसगढ़ में स्वाइन फ्लू यानी एच1एन1 संक्रमण के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। प्रदेश में 10 नए संक्रमित मिलने के बाद कुल मरीजों की संख्या 105 से बढ़कर 115 हो गई है। वहीं उपचाररत यानी एक्टिव मरीजों की संख्या भी बढ़ी है। अब प्रदेश में 28 एक्टिव केस हैं, जबकि पहले यह संख्या 18 थी।
रायपुर में 3 नए मरीज
राजधानी रायपुर में भी स्वाइन फ्लू के मामले बढ़े हैं। यहां तीन नए संक्रमित मिले हैं। इसके बाद जिले में कुल संक्रमित मरीजों की संख्या 51 से बढ़कर 54 हो गई है। वहीं एक्टिव केस की संख्या भी छह से बढ़कर नौ हो गई है। दुर्ग जिले में भी तीन नए संक्रमित मिले हैं। इसके साथ ही जिले में स्वाइन फ्लू के कुल मरीजों की संख्या सात से बढ़कर 10 हो गई है।
यहां एक्टिव मरीजों की संख्या दो से बढ़कर पांच हो गई है. संक्रमण अब उन जिलों में भी सामने आया है, जहां पहले मामले दर्ज नहीं हुए थे. बलौदाबाजार-भाटापारा, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी और उत्तर बस्तर कांकेर में एक-एक नया मरीज मिला है. तीनों मरीज फिलहाल एक्टिव हैं. धमतरी में अब तक सात संक्रमित मिल चुके हैं, जिनमें चार एक्टिव हैं. कोरबा में पांच मरीजों में एक एक्टिव है, जबकि बेमेतरा में तीन संक्रमितों में एक मरीज का उपचार चल रहा है.
केंद्रीय जेल के अधिकारी भी संक्रमित रायपुर स्थित केंद्रीय जेल से जुड़े एक अधिकारी में भी एच 1 एन 1 संक्रमण की पुष्टि हुई है. उनका इलाज रायपुर के एक निजी हॉस्पिटल में चल रहा है. जानकारी के अनुसार अधिकारी परिवार के साथ कांकेर गए थे. वहां उन्हें बुखार, सर्दी और सांस लेने में परेशानी हुई. जांच में स्वाइन फ्लू की पुष्टि हुई. स्वास्थ्य विभाग ने उनके परिवार के सदस्यों की कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग कर ली है. परिवार के अन्य सदस्य स्वस्थ बताए गए हैं.


















