शहर में 28 अगस्त की देर रात हुए बवाल और झड़प के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में 50 से ज्यादा उपद्रवियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस के मुताबिक, घटना के दौरान पथराव करने वाले दोनों पक्षों के खिलाफ नामजद और अन्य लोगों पर केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि झड़प के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया और अब मामले में शामिल लोगों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।
दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज हुआ केस
पुलिस के अनुसार, पथराव और बवाल में शामिल दोनों पक्षों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। FIR में कुछ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि अन्य अज्ञात लोगों को भी आरोपी बनाया गया है। मामले की जांच के दौरान पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।
भड़काऊ ऑडियो वायरल
बिलासपुर में हुए हंगामे के बाद एक भड़काऊ ऑडियो वायरल हो रहा है। ऑडियो में एक शख्स लोगों से सिटी कोतवाली थाना जल्दी पहुंचने की अपील कर रहा है। इसके साथ ही शख्स आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करते हुए सबका हिसाब करने की बात कहता है।
आसामाजिक तत्वों की झड़प को धार्मिक एंगल देने की कोशिश
बिलासपुर की घटना को लेकर बीजेपी विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि 2 आसामाजिक तत्वों के बीच हुई झड़प को धार्मिक एंगल दिया गया और शहर की शांति व्यवस्था के साथ खिलवाड़ करने का प्रयास किया गया। तत्काल स्थानीय प्रशासनिक अमले ने कार्रवाई करते हुए मामले को शांत कराया। विधायक शुक्ला ने लोगों से अपील की है कि ऐसी घटना होने पर तत्काल स्थानीय प्रशासन को सूचित करें।
माहौल खराब करने वालों को चेतावनी
बिलासपुर विधायक सुशांत शुक्ला ने शहर का माहौल खराब करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में वर्ग भेद की राजनीति करने वाला दल कौन है, ये सभी जानते हैं। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शासन में किसी भी प्रकार का खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा, जिन असामाजिक तत्वों की संलिप्तता बिलासपुर की घटना में पाई जा रही है। ऐसे लोग किसी एक राजनीतिक दल के नेता के संरक्षण में काम कर रहे हैं, इसलिए शांति व्यवस्था बनाने के लिए थाने नहीं पहुंचे। अगर शांति व्यवस्था चाहते हैं, तो उन्हें थाने पहुंचना चाहिए।
सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा-163 लागू
बिलासपुर में सोशल मीडिया पर विवादित कमेंट को लेकर 2 पक्षों में हिंसक झड़प हो गई। पथराव और तोड़फोड़ हुई। पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़कर भीड़ को काबू में करना पड़ा। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में धारा-163 लागू कर दी गई है। कई गतिविधियों पर प्रतिबंध लगाया गया है।


















