
छत्तीसगढ़ में इन दिनों मौसम का मिजाज बदल गया है।भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे छत्तीसगढ़वासियों के लिए राहत की खबर है। बारिश नहीं होने की वजह से तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। दूसरी ओर मानसून ने तय समय से पहले दस्तक दी, लेकिन इसका खास असर अब देखने को नहीं मिल रहा है। मानसूनी सिस्टम कमजोर हो गया है। सप्ताहभर से मानसून नारायणपुर और कोंडागांव से आगे नहीं बढ़ पा रहा है। बस्तर में ठहर हुआ है। अब प्रदेश में कहीं बारिश तो कहीं तेज धूप के साथ उमस और भीषण गर्मी पड़ रही है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले पांच दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। राजधानी रायपुर सहित कई जिलों में शनिवार से ही आसमान में बादल छाए रहने और शाम होते-होते बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं।पिछले कुछ दिनों से प्रदेश में तेज धूप और उमसभरी गर्मी ने जनजीवन प्रभावित किया है। दोपहर के समय गर्म हवाएं और चुभती धूप लोगों को बेहाल कर रही है। मगर मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि अब मौसम करवट लेगा और बारिश के साथ तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जाएगा।
आज शनिवार को प्रदेश के एक-दो जगह पर हल्की मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं एक-दो जगहों पर मेघ गर्जन के साथ तेज हवा 40-50 किमी की रफ्तार से चलने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले पांच दिनों तक प्रदेश में एक-दो जगहों पर खासकर दक्षिण भागों में मेघ गर्जन की गतिविधि के साथ वज्रपात और हल्की मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। इस दौरान अगले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2-4 डिग्री सेल्सियस वृद्धि होने की संभावना है।
जिलों में होगी बारिश की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र रायपुर के अनुसार, बस्तर संभाग के सुकमा, बीजापुर, दंतेवाड़ा, कांकेर, नारायणपुर सहित रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर और सरगुजा संभाग के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर तेज हवाएं भी चल सकती हैं। विशेष रूप से रायपुर में शनिवार दोपहर के बाद मौसम के बदलाव के संकेत मिले हैं। आसमान में बादलों की आवाजाही तेज हुई है और शाम तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में इस तरह की स्थिति बनी रह सकती है
मौसमी सिस्टम के कमजोर होने से मानसून आगे बढ़ नहीं पा रहा है। बस्तर से मानसून आगे बढ़ने में कुछ दिनों इंतजार करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज बस्तर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और सुकमा में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ तेज हवा और हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही अन्य जिलों में मौसम सामान्य रहेगा। राजधानी रायपुर में मौसम साफ है। सुबह से ही तेज धूप है। यहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।
प्रदेश में पिछले 24 घंटों में एक-दो जगह पर बारिश हुई है। दरभा, महासमुंद में 2, मनोरा, कोटाडोल और सोनहत में 1-1 सेमी बारिश दर्ज की गई है। वहीं शुक्रवार को प्रदेश में सबसे गर्म राजनांदगांव रहा है। यहां सर्वाधिक अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा। सबसे कम न्यूनतम तापमान 22.4 डिग्री अंबिकापुर में दर्ज किया गया है।