रांची। Jharkhand Politics मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए ईडी ने 17 नवंबर को क्षेत्रीय कार्यालय में बुलाया है। इससे पहले बुधवार से झारखंड का राजनीतिक पारा चढ़ेगा। मंगलवार को इसके संकेत मिले, जब शाम में स्थापना दिवस समारोह से वापस लौटने के बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने आवास में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के विधायकों को तलब किया। आनन-फानन में एक दर्जन से अधिक विधायक पहुंचे। इस दौरान मुख्यमंत्री संग उनकी मंत्रणा हुई।
जगरनाथ महतो ने कहा…
बैठक के बाद मंत्री जगरनाथ महतो ने कहा कि भाजपा की मंशा कामयाब नहीं होगी। सरकार अपना कार्यकाल पूरा करेगी। बैठक के संदर्भ में कहा कि यह चलता रहता है। कुछ खास बात होगी तो बताया जाएगा।
सत्तापक्ष के सारे विधायकों को रांची में रहने का निर्देश
जानकारी के मुताबिक, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने निर्देश दिया है कि सत्तापक्ष के सारे विधायक राजधानी में मौजूद रहेंगे। बुधवार को दोपहर 12.30 बजे मुख्यमंत्री आवास में झामुमो विधायकों की बैठक बुलाई है। कांग्रेस के विधायकों की बैठक शाम चार बजे होगी। बैठक की समाप्ति के बाद सत्तापक्ष के सारे विधायक मुख्यमंत्री आवास में जुटेंगे और आगे की रणनीति तय की जाएगी। इसे ईडी के समक्ष उपस्थित होने के पहले की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।
आज से झामुमो कार्यकर्ताओं का जमावड़ा
उधर बुधवार से राजधानी रांची में सत्तारूढ़ झारखंड मुक्ति मोर्चा के कार्यकर्ताओं का जुटना आरंभ हो जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के ईडी कार्यालय जाने के दौरान कार्यकर्ताओं का हुजूम उनके साथ रहेगा।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करना चाहते हैं कार्यकर्ता
झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य विनोद पांडेय के मुताबिक 1932 के खतियान के आधार पर स्थानीयता तय करने संबंधी निर्णय के बाद कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वे राजधानी आकर अपने नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात करना चाहते हैं।