वायनाड . कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा उनसे सांसद का टैग छीन सकती है, आवास वापस ले सकती है और चाहे तो जेल में डाल सकती है, लेकिन उन्हें जनता का प्रतिनिधित्व करने एवं उसकी आवाज उठाने से नहीं रोक सकती.
लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराए जाने के बाद पहली बार वायनाड पहुंचे राहुल ने यह भी कहा कि भाजपा के लोग इतने वर्षों में यह नहीं समझ सके कि उन्हें डराया और झुकाया नहीं जा सकता. राहुल के साथ इस वायनाड दौरे पर उनकी बहन व पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी मौजूद थीं.
राहुल ने कहा, संसद का सदस्य होना सिर्फ एक पद है. भाजपा पद ले सकती है, घर छीन सकती है, जेल में डाल सकती है. पर मुझे वायनाड का प्रतिनिधित्व करने से नहीं रोक सकती. भाजपा सोचती है कि घर पर पुलिस भेजने से मैं डर जाऊंगा, घर छीन लेने से परेशान हो जाऊंगा. मैं खुश हूं कि उन्होंने घर ले लिया.
मेरा भाई सत्य के लिए लड़ रहा प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी ने आरोप लगाया कि पूरी सरकार राहुल गांधी पर बेरहमी से हमला करती है, क्योंकि वह सवाल पूछते हैं. लोगों की आवाज उठाते हैं. कांग्रेस महासचिव ने कहा कि राहुल गांधी सत्य के लिए लड़ रहे हैं और लोगों की आवाज उठा रहे हैं, इसलिए उन्हें लोकसभा की सदस्यता से अयोग्य ठहराया गया है.


















