ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

Ahmedabad Flight Crash: अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए 80 लोगों का DNA सैंपल हुआ मैच

Ahmedabad Flight Crash: अहमदाबाद में एयर इंडिया के विमान के दुर्घटनाग्रस्त होने के 3 दिन बाद अस्पताल अधिकारियों ने DNA सैंपलिंग के जरिए अब तक 80 लोगों की शिनाख्त कर ली है। इनमें गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी का भी नाम भी शामिल है। बता दें कि इस भीषण हादसे में कम से कम 270 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। रविवार को अतिरिक्त सिविल अधीक्षक डॉक्टर रजनीश पटेल ने बताया, ‘‘डीएनए मिलान के माध्यम से अब तक कुल 80 मृतकों की पहचान की गई है। इनमें से 33 के शव उनके संबंधित परिवारों को सौंप दिए गए हैं।’’

लंदन जा रहे विमान बोइंग 787-8 (एआई 171) में यात्रियों और चालक दल के सदस्यों सहित 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो गई। विमान में सवार लोगों में से केवल एक व्यक्ति ही दुर्घटना में बच पाया था। घटना में मेडिकल कॉलेज के पांच छात्रों समेत 29 अन्य लोगों की भी मौत हो गई। सरकारी बी. जे. मेडिकल कॉलेज में सर्जरी के प्रोफेसर डॉ. पटेल ने बताया कि घटना में घायल हुए 51 लोगों में से 38 को वापस भेज दिया गया है, वहीं 13 लोगों का अब भी इलाज हो रहा है।

230 यात्रियों के परिवारों से संपर्क

इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए राज्य राहत आयुक्त आलोक कुमार पांडे ने संवाददाताओं को बताया कि विमान दुर्घटना में मारे गए सभी 230 यात्रियों के परिवारों से संपर्क किया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘केवल तीन यात्रियों के परिवार ने अब तक अपने डीएनए नमूने नहीं दिए हैं क्योंकि वे विदेश में रहते हैं। उनके कल शाम तक पहुंचने की उम्मीद है। पार्थिव शरीर के साथ हम परिजनों को मृत्यु प्रमाण पत्र भी सौंप रहे हैं ताकि बाद में उन्हें किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़े।’’

सोमवार शाम रुपाणी का अंतिम संस्कार

गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री रुपाणी उन 242 यात्रियों और चालक दल के सदस्यों में शामिल थे जो लंदन के लिए रवाना एयर इंडिया की फ्लाइट AI-171 में सवार थे। यह विमान गुरुवार को उड़ान भरने के कुछ मिनट बाद ही दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। गुजरात सरकार ने सोमवार को रूपाणी के लिए राजकीय शोक की घोषणा की है। राजकोट में सोमवार शाम उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

उच्च स्तरीय समिति जांच में जुटी

इस बीच वायुयान दुर्घटना अन्वेषण ब्यूरो (एएआईबी) दुर्घटना के कारणों की गहन जांच कर रहा है। राज्य पुलिस सहित विभिन्न केंद्रीय और राज्य सरकार की एजेंसियां ​​मेघाणीनगर में दुर्घटना स्थल पर एएआईबी टीम की सहायता कर रही हैं। सूत्रों ने बताया कि केंद्र द्वारा गठित उच्च स्तरीय समिति की पहली बैठक सोमवार को नई दिल्ली में होगी। इससे पहले केंद्र सरकार ने शनिवार को विमान दुर्घटना के मूल कारण का पता लगाने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति का गठन किया था। गृह सचिव गोविंद मोहन की अध्यक्षता वाली इस समिति को तीन महीनों के भीतर अपनी रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया गया है। अहमदाबाद अग्निशमन विभाग के अधिकारियों ने कहा कि जांच अधिकारियों की सहायता के लिए रविवार को तीन प्रतिनिधिमंडलों ने दुर्घटना स्थल का दौरा किया।

What's your reaction?

Related Posts