रायपुर. बोरियाखुर्द में 25 एकड़ में अवैध प्लाटिंग और निर्माण के मामले में नगर निगम के अधिकारियों ने वालफोर्ट ग्रुप के मुखिया पंकज लाहोटी के खिलाफ प्रकरण बनाकर पुलिस को सौंप दिया है. निगम की ओर से पुलिस अधीक्षक कार्यालय में भेजे गए प्रकरण में नामजद एफआईआर दर्ज करने की सिफारिश की गई है. पंकज लाहोटी के अलावा योगेंद्र वर्मा के खिलाफ भी प्रकरण पुलिस को सौंपा गया है. बताया जा रहा है कि दोनों ही बड़े बिल्डर और कॉलोनाइजर हैं. उनके खिलाफ पहली बार अवैध प्लाटिंग के मामले में कार्रवाई की गई है. यह पहला अवसर है जब अवैध प्लाटिंग में किसी बड़े बिल्डर और कॉलोनाइजर की भूमिका सामने आई है. आमतौर पर अब तक यह कहा जाता रहा है कि छोटे भूमाफिया किसानों से जमीन का सौदा करके प्लाट काटकर बेचते हैं. स्थानीय ग्रामीणों की भी संलिप्तता रहती है. पहली बार किसी बिल्डर का नाम सामने आने के बाद यह कहा जा रहा है कि इस संगठित अपराध में बड़े लोग भी सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं. हालांकि इस मामले में पुलिस ने अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की है.



















