ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

डीजे की तेज आवाज के बीच छात्रा की तबीयत बिगड़ी, CCTV फुटेज सामने आने के बाद उठे सवाल

यूपी के बलरामपुर में गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजने और इसी बीच स्कूली छात्रा की तबीयत बिगड़ने से क्लास में ही मौत का मामला सामने आया है। क्लास के सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। इसमें छात्रा दो बार बेहोश होते दिखाई दे रही है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, डीजे की तेज आवाज और छात्रा की मौत के बीच सीधे संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है। सोशल मीडिया पर प्रसारित दावे की हिन्दुस्तान स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है।

सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार मृत छात्रा वैष्णवी तिवारी (07) डिवाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा दो की छात्रा थी। वह पिता सोनू तिवारी के साथ नगर के खालवा मोहल्ले में किराये के मकान में रहती थी। सोनू तिवारी मूल रूप से ग्राम गुलरिहा पोस्ट गंगापुर जिला सिद्धार्थनगर के निवासी बताए जाते हैं। पोस्ट में दावा किया गया कि मंगलवार सुबह करीब 11 बजे कक्षा के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ी।

इसी दौरान पास से गणेश प्रतिमा विसर्जन का जुलूस गुजर रहा था और डीजे तेज आवाज में बज रहा था। परिजनों के हवाले से पोस्ट में छात्रा को तीन बार हार्ट अटैक आने और तीसरे अटैक के बाद मौत होने का दावा किया गया है। इसके बाद परिजनों ने उसका अंतिम संस्कार कर दिया। स्कूल का सीसीटीवी भी वायरल हो रहा है। इसमें छात्रा दो बार बेहोश होते दिखाई दे रही है।

पुलिस ने शुरू की जांच, सीसीटीवी खंगाले

सोशल मीडिया पर मामला सामने आने के बाद क्षेत्राधिकारी नगर अभिषेक सिंह के निर्देश पर पुलिस ने जांच शुरू की। शुरुआती जांच में परिजनों की ओर से थाने में कोई लिखित या मौखिक सूचना दिए जाने की बात सामने नहीं आई है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। स्कूल, जुलूस के रूट और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। प्रभारी निरीक्षक संतोष मिश्र ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।

पालिका ने डीजे की तेज ध्वनि पर लगाया प्रतिबंध

घटना के बाद नगर पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष डॉ. धीरेन्द्र प्रताप सिंह ‘धीरू’ की अध्यक्षता में सर्व समाज की बैठक हुई। इसमें विभिन्न वर्गों के प्रतिनिधियों ने तेज ध्वनि से होने वाली परेशानी और स्वास्थ्य पर इसके प्रभाव पर चर्चा की। सर्वसम्मति से नगर क्षेत्र में डीजे की तेज और तीव्र ध्वनि पर प्रतिबंध का निर्णय लिया गया। पालिकाध्यक्ष ने कहा कि आयोजनों में भी ध्वनि इतनी तेज नहीं होनी चाहिए, जिससे बीमार, बुजुर्ग और बच्चों को परेशानी हो। बैठक में गेल्हापुर महंत बृजानंद जी महाराज, राजकुमार श्रीवास्तव, डीपी सिंह बैस, विजय अग्रवाल, हाजी नब्बन खां, मोहसिन, रमेश पहवा, प्रीतपाल सिंह, संजय मिश्र, राम नरेश त्रिपाठी, संजय शर्मा, डॉ. तुलसी दुबे, सर्वेश सिंह, गंगा शर्मा, डॉ. देवेश श्रीवास्तव, अविनाश मिश्रा, कृष्ण गोपाल गुप्ता, डॉ. राकेश चंद्र, संजय मिश्रा आदि मौजूद थे।

तेज डीजे पर लगाएं रोक, मामले की जांच हो : जिला बार

जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुर्तजा हुसैन खान और महामंत्री संजय तिवारी ने मंगलवार को डीएम को ज्ञापन देकर कहा कि छात्रा की मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने के साथ घटना के समय डीजे की ध्वनि की जांच की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक आयोजनों में ध्वनि प्रदूषण को लेकर कोर्ट के निर्देशों का पालन की भी मांग की। यहां अमित पांडे, मोहित श्रीवास्तव, मनीष गौतम, अभय, शेखर गुंजन आदि अधिवक्ता मौजूद रहे। तुलसीपुर संवाद के अनुसार जुलूसों में मानकों से अधिक तेज डीजे बजाने पर रोक की मांग को लेकर शुकदेव चौरसिया के नेतृत्व में लोगों ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।

What's your reaction?

Related Posts