ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राष्ट्रीय

654 कर्मियों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

रायपुर. रायपुर नगर निगम ने मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत मोबाइल मेडिकल यूनिट (एमएमयू) के माध्यम से शहर के सभी 10 जोन कार्यालयों और आसपास के क्षेत्रों में सफाई मित्रों के लिए 10 विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया। नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के निर्देश पर आयोजित इन शिविरों में 654 सफाई मित्रों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जो शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ माने जाते हैं।
सफाई मित्रों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य उनके नियमित स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ किसी भी स्वास्थ्य समस्या की पहचान और त्वरित उपचार सुनिश्चित करना था। शिविरों में एमएमयू की चिकित्सकीय टीम ने स्वास्थ्य जांच की और आवश्यकता पड़ने पर परामर्श प्रदान किया। योजना के तहत निःशुल्क दवाइयाँ और लैब टेस्ट की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। कुल 654 सफाई मित्रों में से 180 का लैब टेस्ट किया गया, जबकि 574 को निःशुल्क दवाइयाँ वितरित की गईं।
इन शिविरों का संचालन नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी तृप्ति पाणिग्रही की देखरेख में हुआ। उनके साथ एमएमयू की चार सदस्यीय टीम, जिसमें एमबीबीएस डॉक्टर, लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट और नर्स शामिल थे, ने सक्रिय रूप से योगदान दिया। यह पहल छत्तीसगढ़ सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है, जो सफाई मित्रों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएँ प्रदान करने पर केंद्रित है।
नगर निगम का कहना है कि सफाई मित्र शहर की स्वच्छता और नागरिकों की सुविधा के लिए निरंतर कार्यरत रहते हैं। उनका स्वस्थ रहना न केवल उनकी व्यक्तिगत भलाई के लिए जरूरी है, बल्कि यह पूरे शहर की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के लिए भी महत्वपूर्ण है। इन शिविरों के माध्यम से निगम ने यह संदेश दिया कि सफाई मित्रों की देखभाल और सम्मान सामूहिक जिम्मेदारी है।

What's your reaction?

Related Posts