ब्रेकिंग खबरें

शिक्षा एवं रोजगारट्रेंडिंगराष्ट्रीय

अब पुनर्मूल्यांकन में 5 % बढ़ने पर भी अंक वृद्धि मान्य

रायपुर। दसवीं एवं बारहवीं में रिजल्ट के बाद उत्तरपुस्तिकाओं का मूल्यांकन कराने पर अब 5 प्रतिशत अंक बढ़ने पर भी अंक वृद्धि मान्य की जाएगी और विद्यार्थी को नई अंकसूची जारी की जाएगी। अभी तक 10 फीसदी बढ़ने पर अंक वृद्धि मान्य की जाती रही है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) द्वारा पुनर्मूल्यांकन नियम में किए गाए बदलाव से बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित होंगे।

माशिमं की परीक्षा समिति के निर्णय के बाद माशिमं ने उत्तरपुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन नियम में बदलाव किया है। जिसके अनुसार कक्षा 10वीं एवं 12वीं की परीक्षाओं में परिणाम से असंतुष्ट होने पर विद्यार्थी द्वारा उत्तरपुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कराने पर पूर्व में मिले अंक में 5 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती है तो अंक वृद्धि को मान्य करते हुए नई अंकसूची जारी की जाएगी। अभी तक पुनर्मूल्यांकन कराने पर अंक वृद्धि तभी मान्य होती थी जब अंकों में 10 प्रतिशत की बढ़ोत्तरी होती थी। विद्यार्थियों के हित में माशिमं ने पुनर्मूल्यांकन में अंक वृद्धि के नियम को शिथिल कर दिया है।

 नई व्यवस्था आगामी बोर्ड परीक्षा से लागू होगी। अंक वृद्धि को शिथिल किए जाने से 10वीं एवं 12वीं के बड़ी संख्या में विद्यार्थी लाभान्वित होंगे। कई बार देखा गया है कि पुनर्मूल्यांकन कराने पर 8 से 9 प्रतिशत अंकों की बढ़ोत्तरी होती थी, तब भी अंक वृद्धि मान्य नहीं होती थी। इससे विद्यार्थियों को निराशा होती थी लेकिन अब 5 प्रतिशत अंक वृध्निन मान्य होने से कई विद्यार्थी प्रावीण्य सूची में भी सम्मिलित हो सकेंगे। गौरतलब है कि 10वीं एवं 12वीं में कई विद्यार्थी टॉप टेन में आने से दो-चार अंक से चूक जाते थे और पुनर्मूल्यांकन कराने पर भी राहत नहीं मिलती थी।

30 हजार से ज्यादा कॉपियों का पुनर्मूल्यांकन

पिछली पहली बोर्ड परीक्षा के रिजल्ट के बाद मूल्यांकन से नाखुश विद्यार्थियों की ओर से पुनर्मूल्यांकन के लिए 30237 आवेदन प्राप्त हुए थे। इनमें 18231 आवेदन कक्षा 12वीं के लिए मिले थे। पुनर्मूल्यांकन के लिए यह प्रावधान था कि 10 फीसदी अंक बढ़ने पर ही अंक वृद्धि मान्य होती थी, जिसे बदलकर 5 प्रतिशत कर दिया गया है जबकि पुनर्गणना नियम में उत्तरपुस्तिकाओं में अंकों की दोबारा गणना करने पर अंकों में कमी या वृद्धि दोनों मान्य की जाती है अर्थात एक अंक की भी कमी या वृद्धि मान्य होती है।

What's your reaction?

Related Posts