ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़राजनीतिराष्ट्रीय

नए साल में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का होगा चुनाव, छत्तीसगढ़ की भी रहेगी अहम भूमिका

रायपुर। भाजपा के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव नए साल में 20 जनवरी से पहले होने की संभावना है। चुनाव की प्रक्रिया 18 जनवरी से प्रारंभ होने के संकेत हैं। लंबे इंतजार के बाद भाजपा के राष्ट्रीय संगठन ने भाजपा के प्रदेश प्रभारी नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाया है। संभावना यही है कि नितिन नवीन को ही पूर्णकालिक अध्यक्ष बनाया जाएगा। इस बार नए अध्यक्ष के चुनाव में छत्तीसगढ़ की भी भूमिका भी अहम रहेगी।

चुनाव में प्रदेश को भी भागीदारी करने का पूरा मौका मिलेगा। प्रदेश में इस बार भाजपा प्रदेश संगठन के चुनाव पूरे होने के साथ राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों का भी चुनाव हो गया है। प्रदेश के राष्ट्रीय परिषद के सदस्य ही राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के नामांकन में प्रस्तावक और समर्थक बनेंगे। कई राज्यों की तरफ से नामांकन भरा जाएगा। छत्तीसगढ़ की तरफ से भी एक नामांकन भरे जाने की संभावना है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव से पहले देशभर के राज्यों में भाजपा संगठन के चुनाव कराए गए। छत्तीसगढ़ में ही सबसे पहले इस साल 17 जनवरी को प्रदेश संगठन के चुनाव पूरे हुए, तब यहां पर भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष के साथ ही राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों का चुनाव कराया गया। पूरे देश में छत्तीसगढ़ संगठन चुनाव पूरा कराने वाला पहला राज्य बना। इसके बाद दूसरे राज्यों के चुनाव पूरे हुए। देश के ज्यादातर राज्यों में संगठन के चुनाव हो चुके हैं। अब राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव होना है।

प्रदेश से 17 राष्ट्रीय परिषद के सदस्य

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में कई राज्यों के राष्ट्रीय परिषद के सदस्यों से नामांकन फार्म में प्रस्तावक और समर्थक के रूप में हस्ताक्षर कराए जाते हैं। पिछली बार जब 2020 में राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में जेपी नड्डा अध्यक्ष बने, तब छत्तीसगढ़ में प्रदेश संगठन का चुनाव पूरा न होने के कारण छत्तीसगढ़ को इसमें भागीदारी का मौका नहीं मिला था, लेकिन इस बार चुनाव पूरे होने के कारण छत्तीसगढ़ के राष्ट्रीय परिषद के 17 सदस्यों के साथ ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष किरण देव को भी प्रस्ताव और समर्थक बनने का मौका मिलेगा। प्रदेश में जो राष्ट्रीय परिषद के सदस्य बने हैं, उनमें मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, डिप्टी सीएम अरुण साव, विजय शर्मा, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडेय, लता उसेंडी, केंद्रीय मंत्री तोखन साहू, सांसद बृजमोहन अग्रवाल, संतोष पांडेय, विजय बघेल, रूपकुमारी चौधरी, राज्य सभा सांसद देवेंद्र राजा प्रताप सिंह, विधायक विक्रम उसेंडी, पुन्नूलाल मोहिले, प्रदेश के मंत्री दयालदास बघेल, केदार कश्यप, पूर्व विधायक ननकी राम कंवर और खूबचंद पारख शामिल हैं। इनको जहां प्रस्तावक और समर्थक बनने का मौका मिलेगा, वहीं अध्यक्ष का चुनाव होने की स्थिति में इनको मतदान का भी अधिकार मिलेगा।

What's your reaction?

Related Posts