1997 में रिलीज हुई बॉर्डर के सीक्वल का 29 साल बाद लोग बड़ी ही बेसब्री के साथ इंतजार कर रहे हैं. इस फिल्म में सनी देओल के अलावा पूरी स्टारकास्ट नई है. फिल्म के टीजर के बाद मेकर्स ने हाल ही में बॉर्डर 2 के बैक टू बैक दो गाने रिलीज किए हैं. कुछ दिनों पहले फिल्म का गाना ‘घर कब आओगे’ रिलीज हुआ था और अब फिल्म के सेकंड गाने के लॉन्च के मौके पर सुनील शेट्टी भी बॉर्डर 2 की टीम के साथ मौजूद रहे. इस मौके पर उन्होंने बताया कि जैसे-जैसे फिल्म की रिलीज डेट करीब आ रही है, तो उन्हें किस बात को लेकर सबसे ज्यादा दुख हो रहा है.
बॉर्डर 2 का हिस्सा बनना चाहते हैं सुनील शेट्टी
सोमवार को बॉर्डर 2 में रीक्रिएट कर इस्तेमाल किए गए गाने ‘ऐ जाते हुए लम्हों’ के लॉन्च पर सुनील शेट्टी ने रिग्रेट करते हुए कहा, ‘पहली बार मुझे जब इस फिल्म के लिए चुना गया था, तो लगा था कि क्या मैं यह कर पाऊंगा. मुझे आज भी याद है कि जब बॉर्डर फिल्म में मुझे डेथ सीक्वेंस की स्क्रिप्ट मिली थी, तो मैं खुश था. हालांकि, अब बार्डर 2 फिल्म को देखकर पहली बार ख्याल आया कि अगर मेरा किरदार जिंदा रहता, तो बॉर्डर 2 का हिस्सा बन पाता.’ सुनील शेट्टी ने ये भी बताया कि ये गाना उनके लिए बेहद खास है. एक्टर ने कहा, ‘मुझे लोगों से आज तक इस गाने के लिए प्यार मिल रहा है मेरे लिए यह गाना बहुत मायने रखता है. रूप (रूप कुमार राठौड़) जी ने मेरे लिए गाया था, यह आइकोनिक गाना रहा है. ऐ जाते हुए लम्हों … गाना मेरे लिए बहुत मायने रखता है. रूप (रूप कुमार राठौड़) जी ने मेरे लिए गाया था.’
सुनील शेट्टी की आंखों से छलके आंसू

‘बार्डर 2’ में सुनील के बेटे अहान शेट्टी नौसेना ऑफिसर की भूमिका में होंगे. इस पर सुनील शेट्टी ने कहा, ‘खुश हूं कि मेरा बेटा इस फिल्म का हिस्सा है. उसने इस किरदार के लिए काफी मेहनत की. उम्मीद है कि जिस तरह का प्यार मुझे इस फिल्म के लिए मिला वैसा ही प्यार आहान को भी मिलेगा.’ वहीं आगे बोलते हुए सुनील की आंखों में आंसू आ गए और प्रोड्यूसर भूषण कुमार उन्हें दिलासा देते दिखे, जब वह अहान के बारे में बात कर रहे थे. अपने बेटे के सफर के बारे में बताते हुए सुनील ने कहा, ‘यह उसकी दूसरी फिल्म है और इतनी बड़ी फिल्म मिलना यह बहुत ही जिम्मेदारी वाली फिल्म है. जब अहान फिल्म कर रहा था, मैंने तभी उससे कहा था कि ‘अहान, यह सिर्फ यूनिफॉर्म नहीं है. यह याद रखना.’ मैंने उससे कहा कि तुम जो भी करो, दिल से करो. मैं एक पिता के तौर पर हमेशा उनका एहसानमंद रहूंगा कि उन्होंने इतनी बड़ी फिल्म के लिए मेरे बेटे के बारे में सोचा’.



















