Budget 2026 Live Telecast: कल यानी 1 फरवरी को केंद्र सरकार देश का आम बजट 2026 पेश करने जा रही है. इस बजट को लेकर आम लोगों से लेकर नौकरीपेशा, कारोबारी और निवेशकों तक सभी की नजरें टिकी हुई हैं. हर कोई जानना चाहता है कि इस बार सरकार टैक्स, महंगाई, नौकरी और खर्च को लेकर क्या बड़ा ऐलान करेगी. खास बात यह है कि बजट वाले दिन शेयर बाजार भी खुला रहेगा.
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण संसद में साल 2026-27 का बजट पेश करेंगी. उनके भाषण के बाद बजट से जुड़े सभी दस्तावेज लोकसभा और राज्यसभा में रखे जाएंगे. अगर आप भी बजट भाषण को लाइव देखना या सुनना चाहते हैं, तो इसके कई आसान तरीके मौजूद हैं.
एक से डेढ़ घंटे तक चल सकता है भाषण
केंद्रीय बजट रविवार को पेश किया जाएगा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण सुबह 11 बजे लोकसभा में बजट भाषण शुरू करेंगी. आमतौर पर यह भाषण करीब एक से डेढ़ घंटे तक चलता है. इस दौरान सरकार अपनी योजनाओं, खर्च और टैक्स से जुड़े फैसलों की जानकारी देती है.

टीवी और ऑनलाइन ऐसे देखें लाइव बजट
अगर आप टीवी पर बजट देखना चाहते हैं, तो दूरदर्शन और संसद टीवी पर इसका सीधा प्रसारण किया जाएगा. इसके अलावा मोबाइल या लैपटॉप पर भी आप बजट लाइव देख सकते हैं. बजट शुरू होते ही PIB India के यूट्यूब चैनल पर लाइव स्ट्रीमिंग उपलब्ध होगी. इसके साथ ही सरकार की आधिकारिक वेबसाइट indiabudget.gov.in पर भी लाइव प्रसारण देखा जा सकता है. आमतौर पर भाषण शुरू होने से कुछ मिनट पहले ही लाइव स्ट्रीमिंग चालू हो जाती है.
बजट की पूरी डिटेल कहां मिलेगी
बजट से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी indiabudget.gov.in और PIB की वेबसाइट पर डाली जाएगी. यहां आपको बजट का पूरा सार, टैक्स में बदलाव, सरकार कहां कितना खर्च करेगी और किन योजनाओं को कितना पैसा मिलेगा, इसकी पूरी जानकारी मिल जाएगी. अगर किसी वजह से आप लाइव बजट नहीं देख पाए, तो बाद में भी इन वेबसाइट्स पर जाकर आराम से सारी डिटेल पढ़ सकते हैं.
रविवार को भी खुला रहेगा शेयर बाजार
चूंकि बजट रविवार को पेश हो रहा है, इसलिए शेयर बाजार भी इस दिन खुला रहेगा. निवेशकों की नजर बजट के ऐलानों पर रहेगी, क्योंकि बजट का असर सीधे बाजार पर पड़ता है.
सोना-चांदी सस्ता होने के संकेत
बजट से पहले सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट देखने को मिली है. खबर है कि सरकार सोने और चांदी पर लगने वाली कस्टम ड्यूटी कम कर सकती है. अगर ऐसा होता है, तो आने वाले दिनों में सोना-चांदी और सस्ता हो सकता है.
कुल मिलाकर, बजट 2026 आम लोगों के लिए काफी अहम माना जा रहा है. अगर आप सरकार के हर ऐलान से अपडेट रहना चाहते हैं, तो ऊपर बताए गए तरीकों से बजट भाषण जरूर देखें या सुनें.



















