रायपुर। खमतराई थाना क्षेत्र में करीब ढाई साल पहले हुई हेल्पर की हत्या के मामले में पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। वाहन में काम करने वाले हेल्पर की गमछे से गला घोंटकर हत्या करने और शव सड़क किनारे फेंककर फरार होने के आरोपी चालक राकेश टोप्पो को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुराने लंबित मर्ग और अपराधों की समीक्षा के दौरान मिले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची।
पुलिस के अनुसार, 22 जून 2024 को कमल साहू ने थाना खमतराई में अपने बेटे संतोष साहू के लापता होने की सूचना दी थी। संतोष 21 जून की शाम घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। अगले दिन उसका शव मेन रोड स्थित चटर्जी कॉम्प्लेक्स, बंजारी मंदिर के पास राममंदिर-बिलासपुर रोड किनारे मिला था। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से मौत होने की पुष्टि के बाद अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या का अपराध दर्ज किया गया था।

वाहन में साथ काम करते थे मृतक और आरोपी
जांच में पता चला कि संतोष साहू वाहन मालिक हरीश साहू के अशोक लीलैंड छोटा हाथी में हेल्पर था, जबकि राकेश टोप्पो वाहन चलाता था। 21 जून 2024 को दोनों वाहन में माल लेकर मंगलम ट्रांसपोर्ट, उरकुरा गए थे। वहां से लौटते समय दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस के मुताबिक, विवाद के दौरान गुस्से में आकर राकेश ने गमछे से संतोष का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को वाहन से उतारकर सड़क किनारे छोड़ दिया और फरार हो गया।
पुराने मामले की दोबारा समीक्षा से मिला सुराग
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के निर्देश पर पुराने लंबित मर्ग और अपराधों की नियमित समीक्षा की जा रही है। इसी क्रम में डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला और डीसीपी नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के मार्गदर्शन में खमतराई के इस मामले की दोबारा जांच की गई। थाना खमतराई पुलिस और एसीसीयू की टीम ने पूर्व में जुटाए गए गवाहों के बयान, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों का विश्लेषण कर आरोपी की पतासाजी की।
जांच के दौरान मिले साक्ष्यों के आधार पर आरोपी के खिलाफ साक्ष्य छिपाने से संबंधित धारा 201 भादवि भी जोड़ी गई। पुलिस ने राकेश टोप्पो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
गिरफ्तार आरोपी: राकेश टोप्पो (23), पिता स्व. इसादोर टोप्पो, निवासी बंगारी नगर, राममंदिर क्षेत्र, थाना खमतराई, रायपुर। कार्रवाई में खमतराई थाना पुलिस और एसीसीयू रायपुर की टीम का विशेष योगदान रहा।


















