रायपुर। छत्तीसगढ़ की राज्यसभा सांसद और भाजपा नेत्री लक्ष्मी वर्मा सड़क दुर्घटना में घायल हो गईं। हादसा रायपुर-खरोरा मार्ग पर उस समय हुआ, जब वह बलौदाबाजार में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रही थीं। दुर्घटना में उनके हाथ में फ्रैक्चर होने की जानकारी मिली है। उन्हें उपचार के लिए रायपुर स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी वर्मा कार्यक्रम में शामिल होने के बाद अपने वाहन से रायपुर के लिए रवाना हुई थीं। इसी दौरान रायपुर-खरोरा मार्ग पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे के समय वाहन में सांसद के अलावा उनके बेटे, गनमैन और चालक सहित चार लोग सवार थे।

चालक और गनमैन को भी चोटें
दुर्घटना में लक्ष्मी वर्मा के हाथ में चोट आई, जिसमें फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है। वहीं, वाहन चालक को सीने और हाथ में चोटें आई हैं। गनमैन के भी घायल होने की जानकारी है। सांसद को बेहतर उपचार के लिए एम्स में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है।
खरोरा पुलिस कर रही जांच
हादसे की सूचना मिलने के बाद खरोरा पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल हादसे के कारणों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।


















