Raipur News: रायपुरः होली पर्व के दौरान तिल्दा-नेवरा क्षेत्र में रंग लगाने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से प्राणघातक हमला कर दिया गया। तिल्दा नेवरा पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है और घटना में प्रयुक्त धारदार चाकू भी जब्त कर लिया है। पधुलिस के अनुसार चार मार्च को सासाहोली अटल आवास के पास दोपहर में होली खेलते समय कुलेश्वर यादव ने पड़ोसी मनोज साहू उर्फ गोलू को जबरन रंग लगाने से मना किया। इसी बात को लेकर आरोपित मनोज साहू गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से कुलेश्वर यादव के पेट में प्राणघातक वार कर दिया। इसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही तिल्दा नेवरा पुलिस पहुंची और उसे प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। वारदात के बाद आरोपित फरार होकर सिमगा की ओर भाग गया था। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोपित मनोज साहू (26) निवासी वार्ड क्रमांक 20 तिल्दा को गिरफ्तार कर लिया।
फाग गीत गा रही मंडली में घुसकर हमला, धारदार हथियार से युवक पर वार, चार आरोपित गिरफ्तार :
होली पर्व के दौरान ग्राम तुलसी नेवरा में फाग गीत गा रही मंडली के बीच हुए विवाद में चार युवकों ने एक युवक पर चाकू से हमला कर दिया। तिल्दा नेवरा पुलिस ने चारों आरोपितों को गिरफ्तार कर चाकू
बरामद कर लिया है। चार मार्च को ग्राम तुलसी नेवरा में फाग गीत गाने की मंडली चल रही थी। इसी दौरान लादेन उर्फ अनिल वर्मा तीन साथियों के साथ वहां पहुंचा और मंडली के लोगों से गाली-गलौज करने लगा। विरोध करने पर आरोपितों ने रवि यादव के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान आरोपित लादेन उर्फ अनिल ने चाकू से रवि यादव पर प्राणघातक हमला कर दिया और सभी आरोपित फरार हो गए। गिरफ्तार आरोपितों में लादेन उर्फ अनिल वर्मा (22), मनीष धीवर (21), प्रवीण वर्मा (19) और प्रियांशु धीवर (22) शामिल हैं।
युवक पर चाकू से जानलेवा हमला, चार गिरफ्तार
रायपुर ग्रामीण पुलिस ने होली के दौरान नाचने को लेकर हुए विवाद में युवक पर चाकू से जानलेवा हमला करने वाले चार आरोपितों को घटना के कुछ ही घंटों में ही गिरफ्तार कर लिया। यह मामला धरसींवा थाना क्षेत्र के ग्राम सांकरा का है। चार मार्च की दोपहर बजरंग चौक में मयंक साहू भाई शिखर साहू और साथियों के साथ होली खेल रहा था। इसी दौरान हिम्मत मनहर साथियों लोकेश्वर घृतलहरे, हरीश डहरिया और कोमल बंजारे के साथ वहां पहुंचा और नाचने के दौरान धक्का-मुक्की को लेकर विवाद हो गया। शाम करीब पांच बजे आरोपितों ने शिखर साहू को घेरकर मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया।



















