रायपुर। प्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार छत्तीसगढ़ में आगामी 12 अप्रैल से झुलसाने वाली गर्मी की शुरुआत होने की संभावना है। अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभागों में 12 अप्रैल से एक-दो स्थानों पर तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। इसके साथ ही प्रदेश में पिछले कुछ दिनों से बन रहे बादल और हल्की बारिश का दौर अब समाप्त हो जाएगा, जिससे गर्मी और अधिक तीव्र महसूस होगी।
गुरुवार को राजधानी सहित प्रदेश के कई हिस्सों में मिला-जुला मौसम देखने को मिला, जहां कभी धूप तो कभी छांव रही। वहीं, कुछ स्थानों पर हल्की वर्षा भी दर्ज की गई। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान 37.5 डिग्री सेल्सियस राजनांदगांव में रिकॉर्ड किया गया, जबकि रायपुर में अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को रायपुर में आकाश मुख्यतः साफ रहेगा। इस दौरान अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि वर्तमान में समुद्र तल से करीब 0.9 किमी ऊपर ओडिशा के ऊपर चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके साथ ही ओडिशा से लेकर तेलंगाना, रायलसीमा और आंतरिक तमिलनाडु होते हुए मन्नार की खाड़ी तक एक उत्तर-दक्षिण गर्त बना हुआ है, जो प्रदेश के मौसम को प्रभावित कर रहा है।




















