Raipur Crime News: रायपुर। राजधानी में भीड़भाड़ वाले इलाकों में महिलाओं को निशाना बनाकर सोने की चेन चोरी करने वाले अंतर्राज्यीय गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। एंटी क्राइम एवं साइबर यूनिट और डीडी नगर थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 7 महिलाओं और 1 पुरुष सहित कुल 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
गिरोह के सदस्य लक्जरी वाहन से देशभर में घूम-घूमकर वारदातों को अंजाम देते थे। आरोपियों ने रायपुर शहर में ही करीब एक दर्जन चेन चोरी की घटनाएं करना स्वीकार किया है। पुलिस के मुताबिक, सभी आरोपी आपस में रिश्तेदार हैं और मध्यप्रदेश के इंदौर तथा महाराष्ट्र के जलगांव के रहने वाले हैं।
मामले का खुलासा उस वक्त हुआ जब प्रार्थी तरुणेंद्र वर्मा ने थाना डीडी नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 8 अप्रैल 2026 को चंगोराभाठा बाजार में उनकी 66 वर्षीय मां के गले से अज्ञात महिला ने भीड़ का फायदा उठाकर सोने की चेन पार कर दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर टीम गठित कर जांच शुरू की गई।
सीसीटीवी कैमरों से मिले सुराग
जांच के दौरान घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए, जिसमें कुछ संदिग्ध महिलाएं पीड़िता के आसपास घूमती नजर आईं। फुटेज में चेन चोरी की घटना भी कैद मिली। इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों का पीछा करते हुए तकनीकी विश्लेषण के आधार पर उनके वाहन की पहचान की।

सूचना मिलने पर भाठागांव बस स्टैंड के पास घेराबंदी कर पुलिस ने एक इनोवा वाहन को पकड़ा, जिसमें 7 महिलाएं और 1 पुरुष सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने गोलमोल जवाब देने की कोशिश की, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उन्होंने चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
रायपुर के कई क्षेत्रों की वारदात
आरोपियों ने सरस्वती नगर, खमतराई, कोतवाली, गोलबाजार और डीडी नगर क्षेत्र में कई वारदातें करना कबूल किया है। साथ ही उन्होंने गुजरात, राजस्थान, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ के अन्य शहरों में भी इसी तरह की घटनाएं करने की जानकारी दी।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 10,500 रुपये नकद, एक सोने की चेन, एक कटर, चार मोबाइल फोन और एक इनोवा वाहन (एमपी 09 बीपी 1064) जब्त किया है। जब्त सामान की कुल कीमत करीब 11.30 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- संध्या सकटे (30 वर्ष), निवासी राजेन्द्र नगर, इंदौर (म.प्र.)
- सोनिया हातागले (25 वर्ष), निवासी भीम नगर, इंदौर (म.प्र.)
- उज्वाला हातागले (40 वर्ष), निवासी जिला जलगांव (महाराष्ट्र)
- साखराबाई सकटे (65 वर्ष), निवासी राजेन्द्र नगर, इंदौर (म.प्र.)
- ज्योति सकटे (26 वर्ष), निवासी राजेन्द्र नगर, इंदौर (म.प्र.)
- सरिता ज्वरे (40 वर्ष), निवासी कुंदन नगर, इंदौर (म.प्र.)
- सपना हातागले, निवासी राजेन्द्र नगर, इंदौर (म.प्र.)
- अभय हातागले (23 वर्ष), निवासी कुंदन नगर, इंदौर (म.प्र.)




















