रायपुर। राजधानी में ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से सट्टा संचालित करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 9.05 लाख रुपए नगद सहित करीब 13 लाख रुपए का सामान जब्त किया गया है।
पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला एवं पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देशन में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना गुढ़ियारी पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस को सूचना मिली थी कि गोंदवारा ओवरब्रिज के नीचे कुछ लोग ऑनलाइन सट्टा चला रहे हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मौके से राजा साहू और अभय साहू को पकड़ा। उनके मोबाइल की जांच में ऑनलाइन बेटिंग साइट के जरिए क्रिकेट मैचों पर सट्टा संचालित करना पाया गया। आरोपी कॉलिंग के माध्यम से भी हार-जीत पर दांव लगवा रहे थे।
Raipur Crime News: ऑनलाइन सट्टा गिरोह पर पुलिस का…
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मंजीत सिंह और रोहित मोटवानी के नेटवर्क से जुड़े होने की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दबिश देकर मंजीत सिंह, रोहित मोटवानी, हरीश सकलेचा और आकाश सिन्हा को भी गिरफ्तार कर लिया। जांच में सामने आया कि आरोपी ऑनलाइन बेटिंग आईडी बेचकर कमीशन कमा रहे थे, वहीं कुछ आरोपी सट्टा पट्टी के जरिए भी अवैध सट्टा चला रहे थे। पुलिस के अनुसार, मुख्य आरोपी मंजीत सिंह थाना गुढ़ियारी का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास, जुआ एक्ट सहित करीब दो दर्जन मामले दर्ज हैं।
कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 9,05,238 रुपए नगद, 8 मोबाइल फोन, सट्टा पट्टी, कैलकुलेटर और अन्य सामग्री जब्त की गई। इस मामले में थाना गुढ़ियारी में छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी:
- राजा साहू (29 वर्ष), निवासी गुढ़ियारी, रायपुर
- अभय साहू (22 वर्ष), निवासी गुढ़ियारी, रायपुर
- मंजीत सिंह (32 वर्ष), निवासी खमतराई, रायपुर
- रोहित मोटवानी (29 वर्ष), निवासी आजाद चौक, रायपुर
- हरीश सकलेचा (41 वर्ष), निवासी आजाद चौक, रायपुर
- आकाश सिन्हा (36 वर्ष), निवासी पुरानी बस्ती, रायपुर




















