रायपुर। छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी का दौर जारी है। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। दिन में चिलचिलाती धूप के साथ-साथ रात में भी उमस और गर्म हवाओं से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। राज्य में शनिवार को सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का उच्चतम स्तर है। वहीं राजधानी रायपुर में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग ने 19 अप्रैल को रायपुर में लू चलने की चेतावनी जारी की है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानी एच. पी. चंद्रा के अनुसार, महाराष्ट्र के वर्धा और छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच चुका है। इससे पहले शुक्रवार को राजनांदगांव में पारा 44 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
मौसम विभाग ने रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के कुछ हिस्सों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही अगले दो दिनों में प्रदेश के एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की भी संभावना जताई गई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
सावधानी की सलाह
विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय घर से बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और धूप से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।



















