ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

CG News: सीएम विष्‍णुदेव साय ने किया बगिया में 119 करोड़ की सिंचाई परियोजना का शुभारंभ, 13 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ

CG News: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय आज जशपुर जिले के बगिया पहुंचे, जहां उनके साथ केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू और ट्राइबल मंत्री रामविचार नेताम भी मौजूद रहे. बगिया पहुंचने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने समृद्धि एम-कैड (MCAD) सिंचाई योजना का शुभारंभ किया, जिससे क्षेत्र के 13 गांवों के करीब 4933 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिल सकेगी. आधुनिक पाइप आधारित दाबित सिंचाई प्रणाली के जरिए पानी की बचत होगी और किसानों को पर्याप्त जल उपलब्ध कराया जाएगा. इस परियोजना का उद्देश्य जशपुर को देश के मॉडल जिलों में शामिल करना है.

119 करोड़ की लागत और आधुनिक तकनीक का उपयोग

करीब 119 करोड़ रुपये की लागत वाली इस योजना को छह महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इसमें सौर ऊर्जा और SCADA व IoT जैसी आधुनिक तकनीकों का उपयोग कर जल प्रबंधन किया जाएगा, जिससे जल उपयोग दक्षता बढ़ेगी और खेती की उत्पादकता में सुधार होगा. साथ ही, किसानों की आय में वृद्धि के लिए जल उपभोक्ता समितियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की गई है.

सुशासन तिहार और संवेदनाएं

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘सुशासन तिहार’ अभियान की शुरुआत का भी जिक्र किया और बताया कि इस अभियान के तहत वे और उनके मंत्री गांव-गांव जाकर लोगों की समस्याएं सुनेंगे और उनका समाधान करेंगे. उन्होंने मध्य प्रदेश के जबलपुर में हुए क्रूज हादसे पर भी संवेदना व्यक्त की.

प्रधानमंत्री की पहल और योजना का दायरा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के 23 राज्यों के 34 स्थानों पर इस तरह की सिंचाई योजनाओं को मंजूरी दी गई है, जिनमें बगिया क्लस्टर भी शामिल है. इस परियोजना के तहत खेतों तक अंडरग्राउंड प्रेशर पाइपलाइन से पानी पहुंचाया जाएगा, जिससे किसानों को समय पर सिंचाई सुविधा मिल सकेगी और वे आधुनिक खेती की ओर अग्रसर हो सकेंगे. स्थानीय ग्रामीणों ने इस पहल का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई कि इससे सिंचाई की समस्या दूर होगी और खेती पहले की तुलना में अधिक आसान और लाभकारी बनेगी.

What's your reaction?

Related Posts