ब्रेकिंग खबरें

धर्म एवं साहित्यज्योतिष

Vaikuntha Chaturdashi 2026: आज शाम 14 दीपक जलाकर करें दीपदान, जानें सही विधि और शुभ मुहूर्त

Vaikuntha Chaturdashi Deep Daan: वैकुंठ चतुर्दशी का पर्व सोमवार, 23 नवंबर 2026 को मनाया जा रहा है, जो भगवान विष्णु और भगवान शिव की संयुक्त उपासना को समर्पित है. धार्मिक मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने भगवान शिव की आराधना की थी और दोनों के मिलन को हरि-हर मिलन के रूप में मनाया जाता है. यही वजह है कि इस दिन शिव और विष्णु की पूजा करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है.

वैकुंठ चतुर्दशी पर भगवान शिव और विष्णु की पूजा के साथ दीपदान करने की भी खास परंपरा है. मान्यता है कि इस दिन 14 दीपक जलाकर दीपदान करने से जीवन में सुख-समृद्धि आती है और नकारात्मकता दूर होती है. कुछ लोग नदी या सरोवर के किनारे दीपदान करते हैं, जबकि घर पर भी मंदिर, तुलसी के पौधे और मुख्य द्वार समेत अलग-अलग स्थानों पर दीपक जलाए जाते हैं. आइए जानते हैं वैकुंठ चतुर्दशी पर दीपदान का शुभ मुहूर्त, इसकी पूरी विधि और इस दिन किए जाने वाले खास उपाय.

वैकुंठ चतुर्दशी 2026 शुभ मुहूर्त

  • चतुर्दशी तिथि प्रारंभ: 23 नवंबर को तड़के 2:36 बजे
  • चतुर्दशी तिथि समाप्त: 23 नवंबर को रात 11:42 बजे
  • निशिता काल पूजा मुहूर्त: रात 11:41 बजे से 24 नवंबर को रात 12:35 बजे तक

वैकुंठ चतुर्दशी पर दीपदान कैसे करें?

धार्मिक मान्यता के अनुसार, वैकुंठ चतुर्दशी पर 14 दीपक जलाकर दीपदान करना शुभ माना जाता है. इसके लिए मिट्टी या आटे के दीपक इस्तेमाल कर सकते हैं. दीपक में देसी घी, तिल का तेल या सरसों का तेल डालें. परंपरा के अनुसार, दीपक में थोड़े सफेद तिल या चावल भी रखे जा सकते हैं. दीपदान के समय भगवान शिव और भगवान विष्णु का स्मरण करें.

मान्यता के मुताबिक, मध्य रात्रि से लेकर ब्रह्म मुहूर्त तक दीपदान करना शुभ होता है. अगर संभव हो तो नदी या सरोवर के किनारे दीपदान करें. ऐसा संभव न होने पर घर में ही अलग-अलग स्थानों पर 14 दीपक जलाकर दीपदान की परंपरा निभा सकते हैं.

घर में इन जगहों पर करें दीपदान

  1. घर का मंदिर: सबसे पहले भगवान शिव और भगवान विष्णु के सामने दीपक जलाएं. इससे पूजा की शुरुआत करें और दोनों देवताओं का ध्यान करें.
  2. तुलसी का पौधा: तुलसी के पास एक दीपक रखें. धार्मिक मान्यता में तुलसी को माता लक्ष्मी का प्रिय माना जाता है.
  3. मुख्य द्वार: घर के प्रवेश द्वार या दहलीज के दोनों ओर दीपक जलाएं. मान्यता है कि इससे घर में सकारात्मकता और सुख-समृद्धि आती है.
  4. जल का स्रोत: घर में जहां पीने का पानी रखा जाता है या नल और आरओ लगा है, वहां भी एक दीपक रख सकते हैं.
  5. रसोईघर: रसोई में मां अन्नपूर्णा का स्मरण करते हुए दीपक जलाएं. इससे घर में अन्न और धन की बरकत बनी रहने की मान्यता है.
  6. दक्षिण दिशा: पितरों के निमित्त दक्षिण दिशा की ओर मुख करके दीपक जलाएं और उनका स्मरण करें.
  7. छत या बालकनी: खुले आसमान के नीचे आकाश दीप जलाने की परंपरा भी निभाई जाती है.
  8. आंगन और घर के अन्य स्थान: बचे हुए दीपक आंगन, घर के पिछले हिस्से या अन्य उपयुक्त स्थानों पर रख सकते हैं.

वैकुंठ चतुर्दशी के उपाय

14 दीपकों का दीपदान: वैकुंठ चतुर्दशी की रात 14 दीपक जलाकर भगवान शिव और विष्णु का स्मरण करें. मान्यता है कि ऐसा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है.

शिवलिंग का अभिषेक: इस दिन शिवलिंग पर गंगाजल और पंचामृत से अभिषेक करें. इसके बाद भगवान शिव को बेलपत्र और फूल अर्पित करें.

शिवजी को तुलसी और विष्णु को बेलपत्र: हरि-हर मिलन के इस पर्व पर भगवान शिव को तुलसी दल और भगवान विष्णु को बेलपत्र अर्पित करने की विशेष परंपरा है. इसे दोनों देवताओं की संयुक्त उपासना का प्रतीक माना जाता है.

भगवान विष्णु को कमल और पीले फूल: पूजा में भगवान विष्णु को पीले फूल, पीला चंदन और तुलसी दल अर्पित करें. इससे भगवान विष्णु की कृपा प्राप्त होने की मान्यता है.

दोनों देवताओं के मंत्रों का जाप: इस दिन ‘ॐ नमो भगवते वासुदेवाय’ और ‘ॐ नमः शिवाय’ मंत्र का जाप करें. इसके अलावा विष्णु सहस्रनाम का पाठ करना भी शुभ माना जाता है.

जरूरतमंदों को दान: पूजा के बाद अन्न, वस्त्र, तिल, गुड़ और घी का दान करें. जरूरतमंदों को भोजन कराने से पुण्य की प्राप्ति होने की मान्यता है.

What's your reaction?

Related Posts