बिना ड्राइविंग लाइसेंस के बाइक चला रहे 15 वर्षीय नाबालिग की कथित लापरवाही से हुए सड़क हादसे में 14 वर्षीय किशोर की मौत के मामले में मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण (MACT) ने महत्वपूर्ण फैसला सुनाया है। अपर मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण की पीठासीन अधिकारी नीरू सिंह ने पीड़ित परिवार को 17 लाख 35 हजार 804 रुपये मुआवजा देने का आदेश दिया है।
अधिकरण ने बीमा कंपनी को निर्देश दिया है कि वह 30 दिनों के भीतर मुआवजे की पूरी राशि 8 प्रतिशत वार्षिक ब्याज के साथ जमा करे।
बीमा कंपनी को पहले देना होगा मुआवजा
अधिकरण के आदेश के मुताबिक, बीमा कंपनी को फिलहाल पीड़ित परिवार को मुआवजे की रकम का भुगतान करना होगा। हालांकि, कंपनी को बाद में यह राशि नाबालिग बाइक चालक के पिता और बाइक के मालिक से वसूलने का अधिकार होगा।
राहौद स्थित भारत पेट्रोल पंप के पास 17 मई 2025 को बाइक सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई थी. बाइक पर नाबालिग चालक के साथ 14 वर्षीय लेखराज साण्डे भी सवार था. हादसे में लेखराज को गंभीर चोटें आईं. उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई. लेखराज के पिता पप्पू साण्डे और दो बहनों ने मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण में 17 लाख 26 हजार रुपए मुआवजे की मांग की थी. सुनवाई में
अधिकरण ने पाया कि दुर्घटना के समय बाइक चला रहे नाबालिग के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस नहीं था. चालक और वाहन मालिक की ओर से बीमा शर्तों का उल्लंघन हुआ था. बीमा कंपनी को पहले मुआवजा देने और बाद में संबंधित पक्षों से वसूली का निर्देश दिया. मुआवजे की 25 प्रतिशत राशि 5 साल के लिए एफडी में जमा होगी. 25 प्रतिशत नकद मिलेगी. दोनों नाबालिग बहनों के हिस्से की 25-25 प्रतिशत राशि उनके वयस्क होने तक एफडी में रखी जाएगी.


















