रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से आज लोक भवन में दुर्ग जिले के एक नन्हे अद्भुत बालक ने मुलाकात की। अपनी अविश्वसनीय याददाश्त के लिए ‘गूगल बॉय’ के नाम से मशहूर रुद्र शर्मा ने राज्यपाल के सामने अपनी प्रतिभा का ऐसा परिचय दिया कि वहां मौजूद सभी लोग दंग रह गए।
सामान्य ज्ञान पर है गजब की पकड़
महज 6 वर्ष के रुद्र शर्मा वर्तमान में कक्षा पहली के छात्र हैं, लेकिन उनकी मेधा बड़े-बड़े विद्वानों को टक्कर देती है। राज्यपाल श्री डेका के साथ मुलाकात के दौरान रुद्र ने सामान्य ज्ञान और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े जटिल सवालों के बेहद सटीक और त्वरित उत्तर दिए। रुद्र की खासियत यह है कि उन्हें UPSC और PSC स्तर के कठिन विषयों की भी गहरी समझ और जानकारी है।

बिना झिझक दिए भारतीय संविधान से जुड़े उत्तर
मुलाकात के दौरान राज्यपाल ने रुद्र की परीक्षा लेते हुए उनसे छत्तीसगढ़ के गठन, राज्य की भौगोलिक व सांस्कृतिक विशेषताओं और भारतीय संविधान से संबंधित कई प्रश्न पूछे। रुद्र ने बिना किसी हिचकिचाहट के इन सभी सवालों के जवाब तुरंत दिए। बालक के आत्मविश्वास और तेज स्मरण शक्ति से राज्यपाल अत्यंत प्रभावित हुए।
लोक भवन की ओर से मिला सम्मान
रुद्र की इस विलक्षण प्रतिभा की सराहना करते हुए राज्यपाल रमेन डेका ने उन्हें लोक भवन की ओर से विशेष प्रमाण पत्र प्रदान किया। उन्होंने बालक के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि इतनी कम उम्र में ऐसी प्रतिभा का होना छत्तीसगढ़ के लिए गर्व की बात है।
परिवार में खुशी का माहौल
इस गौरवपूर्ण अवसर पर रुद्र की माता श्रीमती पायल शर्मा और उनके नाना विनोद शर्मा भी उपस्थित रहे। परिजनों ने बताया कि रुद्र की सीखने की क्षमता बचपन से ही विलक्षण है और वे उसकी इस प्रतिभा को सही दिशा देने का प्रयास कर रहे हैं।




















