11 मई को शंकरनगर स्थित सिंधु भवन में होगा पहला शिविर
रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व एवं उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के मंत्री अरुण साव के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे। राज्य शासन, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा रायपुर जिला प्रशासन के निर्देशानुसार शिविरों की तैयारियां तेज गति से जारी हैं।
नगर निगम रायपुर क्षेत्र में पहला जनसमस्या निवारण शिविर 11 मई 2026 को रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत जोन क्रमांक 3 के वार्ड 12, 29, 30, 31, 33, 47 एवं 48 के लिए शंकरनगर स्थित सिंधु भवन, बीटीआई मैदान के सामने आयोजित किया जाएगा।
इसी प्रकार 14 मई को बूढ़ापारा इंडोर स्टेडियम, 18 मई को अश्वनी नगर स्थित महाराष्ट्रीयन तेली समाज भवन, 19 मई को गुढियारी स्थित मारूती मंगलम भवन, 20 मई को संजय नगर स्थित संजय यादव स्कूल, 22 मई को जीई रोड स्थित शहीद स्मारक भवन, 25 मई को टाटीबंध स्थित अग्रसेन भवन, 28 मई को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, 29 मई को पॉम बेलाजियो के सामने गारमेंट फैक्टरी परिसर तथा 5 जून 2026 को कमल विहार गेट के पास देवपुरी धर्मशाला (गुरुद्वारा) में शिविर लगाए जाएंगे।
नगर निगम द्वारा प्रत्येक जोन के लिए संबंधित जोन कमिश्नर को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। आम जनता से शिविर स्थलों पर प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 1 बजे तक आवेदन प्राप्त किए जाएंगे। शिविरों में प्राप्त आवेदनों का अधिकतम एक माह के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा तथा प्रत्येक आवेदक को उनके आवेदन के निराकरण की सूचना अनिवार्य रूप से दी जाएगी।
जनसमस्या निवारण शिविरों में रायपुर नगर पालिक निगम सहित राजस्व, विद्युत, खाद्य, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, पशुधन विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, महिला एवं बाल विकास, श्रम विभाग सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं से जुड़े विभाग भी मौजूद रहेंगे।
शासन द्वारा निर्देश दिए गए हैं कि शिविरों का सुव्यवस्थित संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अधिकतम जनभागीदारी बढ़ाई जाए। शिविर स्थलों पर छाया, पेयजल, कुर्सी-टेबल सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।



















