ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

बिजली सप्लाई को बेहतर बनाने नई तकनीकों और एआई का करें अधिकतम उपयोग – सुबोध कुमार सिंह


अधिकारी से लेकर लाइनमैन तक आधुनिक तकनीक से लैस हों – पावर कंपनीज़ अध्यक्ष

रायपुर। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर कंपनीज़ के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने डंगनिया स्थित मुख्यालय में जनरेशन, ट्रांसमिशन एवं डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक लेकर बिजली व्यवस्था को और अधिक आधुनिक एवं उपभोक्ता केंद्रित बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बिजली हर व्यक्ति के जीवन की मूलभूत आवश्यकता बन चुकी है और उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना पावर कंपनीज़ की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

श्री सिंह ने अधिकारियों से कहा कि विद्युत व्यवस्था को आधुनिक, तेज और प्रभावी बनाने के लिए नई तकनीकों तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का अधिकतम उपयोग किया जाए। उन्होंने डाटा आधारित निर्णय प्रणाली पर जोर देते हुए कहा कि एआई तकनीक के माध्यम से विद्युत आपूर्ति, फॉल्ट मॉनिटरिंग, लोड प्रबंधन, उपभोक्ता शिकायत निवारण और सिस्टम मॉनिटरिंग को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि पावर कंपनीज़ में अधिकारी से लेकर लाइनमैन तक सभी कर्मचारियों को आधुनिक तकनीक और नई कार्यप्रणाली से लैस किया जाना चाहिए, ताकि कार्य क्षमता, मॉनिटरिंग सिस्टम और उपभोक्ता सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार हो सके।

बैठक में तीनों कंपनियों के अधिकारियों के साथ अलग-अलग समीक्षा बैठक लेकर विभिन्न योजनाओं और परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी ली गई। अध्यक्ष ने नए भवन निर्माण कार्यों में तेजी लाने, लंबित परियोजनाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने तथा उपभोक्ता सेवाओं को और मजबूत बनाने के निर्देश दिए।

उन्होंने टोल फ्री कॉल सेंटर नंबर 1912 को अधिक दक्ष बनाने और शिकायतों के निराकरण के रिस्पांस टाइम को कम करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए। श्री सिंह ने कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करना पावर कंपनीज़ की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

बैठक में एसके कटियार, राजेश कुमार शुक्ला, भीमसिंह कंवर सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

What's your reaction?

Related Posts