ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयराजनीति

केरल के नए मुख्यमंत्री बनेंगे KC वेणुगोपाल? कितने विधायकों का मिला समर्थन

केरल में कांग्रेस नीत UDF की जीत के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि राज्य का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा? इस रेस में सबसे चर्चित नाम कांग्रेस महासचिव केसी वेणु गोपाल का है. दिल्ली से लेकर तिरुवनंतपुरम तक पार्टी के भीतर लगातार बैठकों का दौर चल रहा है. इन सब के बीच  आलाकमान सभी समीकरणों को जांच में लगा हुआ है.

सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस के कई नवनिर्वाचित विधायक वेणुगोपाल के समर्थन में बताए जा रहे हैं. कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि 63 में से करीब 45 कांग्रेस विधायक उनके पक्ष में हैं, जिससे उनकी दावेदारी मजबूत मानी जा रही है.

हालांकि मुकाबला सिर्फ वेणुगोपाल तक सीमित नहीं है. विपक्ष के पूर्व नेता वी.डी.सतीशन और कांग्रेस नेता रमेश चेन्निथला भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं. पार्टी के भीतर अलग-अलग गुट अपने-अपने नेताओं के समर्थन में एक्टिव हो चुके हैं.    

वायरल तस्‍वीर से हलचल तेज

केरल को लेकर एक तस्‍वीर सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रही है. इनमें ज्यादातर विधायक केसी वेणुगोपाल के समर्थन में नजर आ रहे हैं. रमेश चेन्निथला के लिए यह एक बड़ा झटका माना जा रहा है. हालांकि अभी तक आलाकमान की तरफ से कोई फाइनल फैसला नहीं लिया गया है.

वेणुगोपाल की दावेदारी क्यों मजबूत मानी जा रही?

कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि वेणुगोपाल ने चुनाव रणनीति बनाने, असंतुष्ट वामपंथी नेताओं को साथ लाने और सीटों के तालमेल में अहम भूमिका निभाई है. माना जा रहा है कि इसी वजह से हाईकमान उनके संगठनात्मक अनुभव को बड़ा प्लस पॉइंट मान रहा है.    

वेणुगोपाल राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व के करीबी माने जाते हैं. संगठन में उनकी पकड़ और दिल्ली में मजबूत नेटवर्क उन्हें अन्य नेताओं पर बढ़त दिला सकता है. पार्टी के कई नेता यह भी मानते हैं कि मुख्यमंत्री के रूप में उनका चयन कांग्रेस को राष्ट्रीय स्तर पर भी मजबूत संदेश देगा.

सड़कों तक पहुंची CM रेस

केरल में मुख्यमंत्री की रेस अब सिर्फ बंद कमरों तक सीमित नहीं रही है. कई जगह पोस्टर वॉर और शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला है. समर्थक खुलकर अपने-अपने नेताओं के पक्ष में प्रदर्शन कर रहे हैं, जिससे साफ है कि कांग्रेस के भीतर अंदरूनी खींचतान तेज हो चुकी है.  

क्या बन सकते हैं KC वेणुगोपाल?

मौजूदा हालात में KC वेणुगोपाल मजबूत दावेदार जरूर दिखाई दे रहे हैं, लेकिन कांग्रेस आलाकमान संतुलन, गुटबाजी और भविष्य की राजनीति तीनों पहलुओं को ध्यान में रखकर फैसला लेना चाहता है. ऐसे में अभी तस्वीर पूरी तरह साफ नहीं मानी जा रही. केरल का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा, इस पर अंतिम फैसला दिल्ली दरबार ही करेगा.

कांग्रेस विधायक दल की बैठक में अंतिम फैसला पार्टी हाईकमान पर छोड़ दिया गया है. AICC पर्यवेक्षक लगातार विधायकों और सहयोगी दलों से फीडबैक ले रहे हैं. माना जा रहा है कि अगले कुछ दिनों में दिल्ली नेतृत्व अंतिम नाम पर मुहर लगा सकता है.

What's your reaction?

Related Posts