ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

बारिश में जलभराव हुआ तो संबंधित अधिकारी होंगे सीधे जिम्मेदार – महापौर मीनल चौबे

बारिश पूर्व नाला सफाई और निकास व्यवस्था को लेकर निगम में हुई सख्त समीक्षा बैठक

रायपुर। रायपुर नगर पालिक निगम में आज महापौर मीनल चौबे ने बारिश पूर्व शहर में जलभराव की समस्या दूर करने एवं सुगम जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने को लेकर अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में महापौर ने स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा कि बारिश के दौरान शहर में कहीं भी जलभराव की स्थिति निर्मित हुई तो संबंधित जोन कमिश्नर और जोन स्वास्थ्य अधिकारी इसके लिए सीधे जवाबदेह होंगे।

महापौर ने सभी नालों की समय पर और प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सभी जोन अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक होने पर सफाई कार्य में बाधा बन रहे पाटों को हटाकर नालों की सफाई कराई जाए।

बैठक में नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय, स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. तृप्ति पाणीग्रही सहित सभी जोन अध्यक्ष, जोन कमिश्नर, जोन स्वास्थ्य अधिकारी और स्वच्छता निरीक्षक उपस्थित रहे।

महापौर मीनल चौबे ने निर्देश दिए कि सभी जोन कमिश्नर अपने-अपने क्षेत्रों में आपदा प्रबंधन उपकरणों की तत्काल जांच करें तथा आवश्यक मरम्मत करवाकर उन्हें उपयोग के लिए तैयार रखें। उन्होंने कहा कि बारिश के दौरान शहर में किसी भी स्थान पर जलभराव नहीं होना चाहिए, अन्यथा जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।

सभापति सूर्यकान्त राठौड़ ने कहा कि रेलवे क्षेत्र के नालों की सफाई के लिए रेलवे अधिकारियों से समन्वय स्थापित कर कार्य किया जाए, ताकि रेलवे क्षेत्र की बस्तियों में जलभराव की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने सभी जोन अधिकारियों को बैठक लेकर योजनाबद्ध तरीके से नाला सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए।

स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने कहा कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र के 200 से अधिक नालों की सफाई के दूसरे चरण को तत्काल प्रारंभ कर अगले 10 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने सफाई कार्य में बाधा बन रहे पाटों को हटाकर बारिश पूर्व व्यापक सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए।

What's your reaction?

Related Posts