प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के यूरोप दौरे के दौरान सवाल पूछकर नॉर्वे की महिला पत्रकार हेली लेंग चर्चा में आ गई हैं। ओस्लो में पीएम मोदी से तीखे सवाल पूछने और भारतीय अधिकारी सिबी जॉर्ज से बहस के बाद, अब उन्होंने दावा किया है कि भारी ऑनलाइन ट्रोलिंग के बीच उनके फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट को सस्पेंड कर दिया गया है।
इससे पहले पीएम नरेंद्र मोदी के नॉर्वे दौरे पर हेली लेंग ने ‘प्रेस फ्रीडम’ और मानवाधिकार के मुद्दे पर भारत को घेरते हुए सवाल पूछने की कोशिश की थी। हालांकि भारतीय अधिकारी ने उन्हें करारा जवाब दिया था। इसके बाद अब हेली ने आरोप लगाए हैं कि इस घटना के बाद उनकी बुरी तरह ट्रोलिंग हो रही है। वहीं ‘डागसाविसेन’ अखबार से जुड़ीं हेली लेंग ने दावा किया है कि मेटा ने उनके इंस्टाग्राम और फेसबुक दोनों अकाउंट्स को सस्पेंड कर दिया है।
हेली लेंग ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स के सस्पेंड होने की जानकारी खुद दी है। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, “प्रेस की आजादी के लिए यह एक बहुत छोटी सी कीमत है। लेकिन मैंने अपनी जिंदगी में ऐसा अनुभव पहले कभी नहीं किया था। मैं अधिक से अधिक भारतीयों को जवाब देना चाहती थी, लेकिन अब मेरे फेसबुक और इंस्टाग्राम अकाउंट बंद हो गए हैं, जिससे जवाब देने में देरी होगी। मुझे उम्मीद है कि मेटा मेरे अकाउंट्स जल्द वापस कर देगा।”
चीनी एजेंट होने के लग रहे आरोप
इधर अकाउंट सस्पेंड होने से पहले हेली लेंग को इंटरनेट यूजर्स के भारी गुस्से का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर लोगों ने उनके पुराने आर्टिकल्स और चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग पर लिखी गई कुछ पुरानी रिपोर्ट्स को ढूंढ निकाला। कई यूजर्स सोशल मीडिया पर उन्हें फॉरेन प्लांट, ‘जासूस’ और यहां तक कि चाइनीज प्रॉक्सी तक कह रहे हैं। वहीं भारत में मानावाधिकार को लेकर पुछे गए सवाल को लेकर भी उनके खूब आलोचना हो रही है।
एक्स पर बढ़ गए फॉलोअर्स
हालांकि, इस पूरे विवाद के बाद एक्स पर उनकी लोकप्रियता में बड़ा जबरदस्त उछाल आया है। सोमवार को इस घटना से पहले ट्विटर (X) पर हेली लेंग के 800 से भी कम फॉलोअर्स थे। लेकिन पीएम मोदी से जुड़े इस विवाद के वायरल होने के महज कुछ ही दिनों के भीतर उनके फॉलोअर्स की संख्या 45,000 के पार पहुंच गई।
क्या है पूरा मामला?
यह पूरा विवाद तब शुरू हुआ जब ओस्लो में भारत और नॉर्वे के प्रधानमंत्रियों की एक संयुक्त मीडिया ब्रीफिंग चल रही थी। जैसे ही प्रेस मीट खत्म हुई और पीएम मोदी कमरे से बाहर निकलने लगे, हेली लेंग ने पीछे से चिल्लाते हुए कहा, “आप दुनिया के सबसे आजाद प्रेस के कुछ सवालों के जवाब क्यों नहीं देते?” बाद में उन्होंने भारत को प्रेस फ्रीडम इंडेक्स में 157वें स्थान पर बताते हुए इस सवाल को बिल्कुल सही ठहराया। इसके बाद विदेश मंत्रालय के सचिव सिबी जॉर्ज ने एक आधिकारिक ब्रीफिंग में कहा कि भारत की समझ ना होने वालों को इस तरह के सवाल नहीं उठाने चाहिए।



















