राजधानी रायपुर में एक ज्वेलर्स की दुकान से 2 करोड़ का सोना चोरी हो गया. दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी ने ही इस चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. हैरानी ये है कि ये कर्मचारी पिछले 16 साल से इस दुकान में काम कर रहा था. दुकान के कर्मचारी ने दो करोड़ के जेवर दुकान में रखने के बजाय अपने पास रख लिए. ये वारदात रायपुर के सदर बाजार स्थित मनोहरमल एंड कम्पनी की बताई जा रही है. वहीं कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.
जेवर को लॉकर में रखने की थी जिम्मेदारी
पुलिस के मुताबिक शिकायतकर्ता कारोबारी सुरेश बंसाली सदर बाजार के जाने-माने सोने-चांदी के गहनों के शोरूम ‘मनोहरलाल एंड कंपनी ज्वेलर्स’ के मालिक हैं. आरोपी कर्मचारी की पहचान सूरज साहू के रूप में हुई है, जो पिछले 16 साल से स्टोर में काम कर रहा था. उसे रोजाना दुकान बंद होने के बाद डिस्प्ले में रखे गहनों को लॉकर में सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी दी गई थी.
अपने पास रखे जेवर
पुलिस ने बताया कि 9 अप्रैल 2026 को दुकान बंद होने के बाद सूरज साहू ने कथित तौर पर गहनों को लॉकर में रखने के बजाय अपने पास रख लिया. शुरुआत में किसी को गहनों के गायब होने का पता नहीं चला.
ऐसे हुआ खुलासा
यह चोरी 13 अप्रैल को स्टॉक वेरिफिकेशन के दौरान सामने आई, जब करीब 1495 ग्राम 670 मिलीग्राम सोने के गहने गायब मिले. चोरी हुए गहनों में अलग-अलग डिजाइन और कैटेगरी के सोने के आभूषण शामिल थे, जिनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब ₹2 करोड़ बताई गई है. सभी कर्मचारियों से पूछताछ के बाद भी कोई सुराग न मिलने पर शोरूम प्रबंधन ने CCTV फुटेज खंगाली. फुटेज में सूरज साहू कथित तौर पर दोपहर करीब 4:21 बजे सोने के गहने ले जाते हुए दिखा.
कर्मचारी के खिलाफ केस दर्ज
शिकायत के आधार पर कोतवाली थाने में आरोपी कर्मचारी के खिलाफ आपराधिक विश्वासघात और गबन का केस दर्ज किया गया है. कोतवाली इंस्पेक्टर सतीश सिंह ने बताया कि आरोपी फिलहाल फरार है और पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं.



















