छत्तीसगढ़ के डिजिटल क्रिएटर्स के लिए कल का दिन खास होने जा रहा है। राजधानी रायपुर में प्रदेश के यूट्यूबर्स, इंस्टाग्रामर्स और डिजिटल इन्फ्लुएंसर्स का महाकुंभ सजने वाला है। यहां पहली बार छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा।
इस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय प्रदेशभर से पहुंचे डिजिटल क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को सम्मानित करेंगे। आयोजन को लेकर युवा क्रिएटर्स में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
समारोह में उन क्रिएटर्स को सम्मान दिया जाएगा, जिन्होंने अपनी रचनात्मकता, मेहनत और डिजिटल कंटेंट के जरिए समाज पर सकारात्मक प्रभाव डाला है। यूट्यूब, इंस्टाग्राम समेत विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी पहचान बनाने वाले प्रतिभागियों को इस मंच पर सम्मानित किया जाएगा।
क्रिएटर्स की क्रीएटिविटी को किया जाएगा सम्मानित
कुल 16 मुख्य अवॉर्ड और 46 उपश्रेणियों में उत्कृष्ट प्रतिभाओं को सम्मान दिया जाएगा. इसमें एजुकेशन, एंटरटेनमेंट, फूड, ट्रैवल, टेक, फैशन, कॉमेडी, मोटिवेशन और सोशल अवेयरनेस जैसी कई कैटेगरी शामिल हैं. विजेताओं को ट्रॉफी, प्रमाणपत्र के साथ 10 लाख रुपये से अधिक की पुरस्कार राशि भी दी जाएगी.
डिजिटल क्रिएटर राज शमानी भी जुड़ेंगे
बता दें, इस समारोह में प्रदेश भर से आए डिजिटल क्रिएटर्स को उनकी रचनात्मकता और प्रभाव के लिए सम्मानित किया जाएगा. समारोह की सबसे बड़ी खासियत यह होगी कि इसमें नेशनल क्रिएटर्स अवॉर्ड के 6 विजेता भी शामिल होंगे. उनके अनुभव से छत्तीसगढ़ के क्रिएटर्स को काफी कुछ सीखने को मिलेगा. इसके अलावा प्रसिद्ध डिजिटल क्रिएटर राज शमानी और आरजे शरत वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम से जुड़ेंगे. वे युवाओं को बताएंगे कि कंटेंट क्रिएशन को सिर्फ शौक नहीं, बल्कि एक सफल करियर कैसे बनाया जा सकता है.
कार्यक्रम में मनोरंजन का भी पूरा तड़का
कार्यक्रम में सिर्फ अवॉर्ड ही नहीं, बल्कि मनोरंजन का भी पूरा तड़का लगेगालगेगा. भजन क्लबिंग के जरिए भक्ति और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिलेगा, जो युवाओं को अपनी संस्कृति से जोड़ने का नया तरीका होगा.वहीं बस्तर रैम्प वॉक में आदिवासी संस्कृति और पारंपरिक वेशभूषा की झलक नजर आएगी. यह रैम्प वॉक छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत, लोककला और परंपरा को मंच पर जीवंत करेगी.


















