रायपुर। रायपुर नगर निगम ने अवैध प्लाटिंग के खिलाफ कार्रवाई करते हुए जोन क्रमांक-6 क्षेत्र के भाठागांव स्थित पहलवान वाटिका इलाके में लगभग डेढ़ एकड़ भूमि पर की जा रही अवैध प्लाटिंग पर तत्काल रोक लगा दी। नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अवैध रूप से बनाई गई मुरूम सड़क को जेसीबी मशीन से काट दिया और आवागमन बाधित कर आगे की गतिविधियों पर रोक लगा दी।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-6 के जोन कमिश्नर हितेन्द्र यादव के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई के दौरान कार्यपालन अभियंता दिनेश सिन्हा, सहायक अभियंता आशीष श्रीवास्तव, उपअभियंता सागर ठाकुर सहित नगर निवेश विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार वार्ड क्रमांक-61 के अंतर्गत भाठागांव के पहलवान वाटिका क्षेत्र में करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर अवैध प्लाटिंग किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही नगर निवेश विभाग की टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण के दौरान अवैध प्लाटिंग के लिए बनाई गई मुरूम सड़क को जेसीबी मशीन की सहायता से काटकर ध्वस्त कर दिया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध प्लाटिंग और अनधिकृत विकास कार्यों के खिलाफ निगम की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। शहर में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण और प्लाटिंग पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।



















