रायपुर/तिल्दा-नेवरा। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन निश्चय” के तहत तिल्दा-नेवरा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को अवैध मादक पदार्थ गांजा रखने और बिक्री के आरोप में गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी महिला के कब्जे से 3 किलो 737 ग्राम गांजा, 33 नग गोगो कोन तथा एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू जब्त किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तिल्दा-नेवरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पटवारी कार्यालय के पास चाय-नाश्ते का ठेला संचालित करने वाली एक महिला अपने ठेले में अवैध रूप से गांजा रखकर बिक्री कर रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की।
तलाशी के दौरान महिला के पास रखे एक थैले से 3 किलो 737 ग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा 33 नग गोगो कोन और बैटरी संचालित एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी जब्त किया गया। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 1 लाख 73 हजार 700 रुपये बताई गई है।

पुलिस ने आरोपी महिला की पहचान भारती बगवानी (37 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 16, सिंधी कैंप, वेलकम सुपर मार्केट के पास, तिल्दा-नेवरा के रूप में की है।
मामले में थाना तिल्दा-नेवरा में अपराध क्रमांक 235/2026 के तहत धारा 20(बी) एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत प्रकरण दर्ज किया गया है। आरोपी महिला को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया।
यह कार्रवाई ग्रामीण पुलिस अधीक्षक श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रशांत शुक्ला तथा पुलिस अनुविभागीय अधिकारी श्री वीरेंद्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम द्वारा की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन निश्चय के तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री में संलिप्त लोगों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



















