ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

भारत आ रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दिपके, डर से घर छोड़कर भागे परिजन

अमेरिका के बोस्टन में रहने वाले 30 वर्षीय अभिजीत दिपके इन दिनों दिल्ली के सियासी और प्रशासनिक हलकों में चर्चा का विषय बने हुए हैं। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत 6 जून को भारत आ रहे हैं। उन्होंने समर्थकों से अपील की है कि वे “मुझे एयरपोर्ट पर मिलें।” देश की शिक्षा प्रणाली की खामियों को उठाने के लिए वह राजधानी दिल्ली में जंतर-मंतर से एयरपोर्ट तक शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करने जा रहे हैं। लेकिन, उनके इस कदम से महाराष्ट्र में बैठे उनके माता-पिता की चिंताएं बढ़ गई हैं।

खाली घर पर पुलिस का पहरा

अभिजीत दिपके के परिवार ने सुरक्षा के लिहाज से बड़ा कदम उठाया है। छत्रपति संभाजी नगर (औरंगाबाद) के एमआईडीसी वालुज इलाके में स्थित दिपके परिवार का घर अब खाली पड़ा है। कुछ दिन पहले ही परिवार के सदस्य चुपचाप किसी अज्ञात जगह पर शिफ्ट हो गए हैं। घर पर इस वक्त कोई नहीं है, फिर भी सुरक्षा के मद्देनजर वहां पुलिस का कड़ा पहरा लगा हुआ है।

पिता बोले- ‘अब समझाने का कोई फायदा नहीं’

अभिजीत के पिता भगवानराव दिपके पिछले साल ही महाराष्ट्र औद्योगिक विकास निगम (MIDC) से इंजीनियर के पद से रिटायर हुए हैं। वे अपने बेटे के इस कदम से चिंतित हैं। उन्होंने कहा, “एक पिता होने के नाते मेरी चिंताएं लाजमी हैं। शुरुआत में मैंने उसे कोई भी ऐसा अभियान शुरू करने के फैसले पर फिर से विचार करने के लिए समझाने की कोशिश की थी। हालांकि, जब कोई व्यक्ति कुछ करने की ठान लेता है, तो कहने के लिए बहुत कम बचता है। इस स्तर पर हम उसे और कोई सलाह देने का इरादा नहीं रखते।”

भगवानराव ने फोन पर बातचीत में यह भी स्पष्ट किया कि उनके परिवार को कोई धमकी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि माता-पिता के तौर पर वे स्वाभाविक रूप से चिंतित जरूर हैं, लेकिन अभिजीत को कानून की अच्छी समझ है और उसने भरोसा दिया है कि वह किसी भी कानूनी प्रावधान का उल्लंघन नहीं करेगा।

‘गिरफ्तारी के लिए तैयार हैं अभिजीत’

इस बीच, वकील और मानवाधिकार कार्यकर्ता असीम सरोदे ने बताया कि अभिजीत इस आंदोलन में अपनी गिरफ्तारी के लिए भी पूरी तरह से तैयार हैं। सरोदे के मुताबिक, बुधवार को अभिजीत ने समर्थन मांगने के लिए उनसे फोन पर बात की थी।

सरोदे ने कहा, “अभिजीत दिपके ने मुझे बताया कि वह गिरफ्तार होने के लिए तैयार हैं। उनका मानना है कि यह मुद्दा केवल नीट (NEET) परीक्षा देने वाले 30 लाख छात्रों तक सीमित नहीं है। यह उनके माता-पिता से भी जुड़ा मामला है, जिससे प्रभावित लोगों की कुल संख्या 70 से 80 लाख तक पहुंच जाती है।”

मशहूर हस्तियों को किया आमंत्रित

अपने इस विरोध प्रदर्शन को मजबूती देने के लिए अभिजीत ने कई बड़ी हस्तियों को भी न्योता भेजा है। सरोदे ने बताया कि अभिजीत ने मशहूर शिक्षाविद् सोनम वांगचुक, अभिनेता प्रकाश राज, सामाजिक कार्यकर्ता विशंभर चौधरी और वरिष्ठ पत्रकार निखिल वागले जैसी हस्तियों को दिल्ली में अपने प्रदर्शन में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया है। सरोदे ने यह भी साफ किया कि अभिजीत का फिलहाल कोई नया राजनीतिक दल लॉन्च करने का प्लान नहीं है और वह कानूनी दायरे में रहकर ही अपना विरोध जताएंगे।

What's your reaction?

Related Posts