रायपुर। रायपुर पुलिस द्वारा नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे व्यापक अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। मादक पदार्थ तस्कर रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो की लगभग 15 लाख रुपये मूल्य की संपत्ति को फ्रीज (सीज) कर दिया गया है। यह कार्रवाई भारत सरकार के वित्त मंत्रालय के अधीन सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक द्वारा मादक पदार्थ एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम के प्रावधानों के तहत की गई है।
पुलिस के अनुसार आरोपी रूपिन्दर सिंह उर्फ पिन्दर उर्फ पाबलो, मूलतः पंजाब के तरणतारण जिले का निवासी है और वर्तमान में रायपुर के हीरापुर क्षेत्र में रह रहा था। उसके विरुद्ध थाना कबीर नगर में मादक पदार्थ तस्करी, आपराधिक षड्यंत्र तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। विशेष न्यायालय ने आरोपी को दोषी करार देते हुए एक वर्ष के सश्रम कारावास और अर्थदंड से दंडित किया है।
दोषसिद्धि के बाद पुलिस ने आरोपी की वित्तीय जांच शुरू की। जांच में उसके और परिजनों के नाम पर दर्ज चल एवं अचल संपत्तियों की जानकारी एकत्र की गई। इस दौरान आरोपी के नाम पर पंजीकृत दो चारपहिया वाहन पाए गए, जिनमें एक शेवरले क्रूज़ कार और एक महिंद्रा थार शामिल है। दोनों वाहनों की अनुमानित कुल कीमत लगभग 15 लाख रुपये आंकी गई।
जांच में पाया गया कि आरोपी की घोषित आय और उपलब्ध वित्तीय अभिलेखों की तुलना में इन संपत्तियों का मूल्य अधिक है। साथ ही यह आशंका भी सामने आई कि इनका अर्जन मादक पदार्थों के अवैध कारोबार से प्राप्त धनराशि से किया गया है। इसके आधार पर पुलिस ने विस्तृत वित्तीय जांच और दस्तावेजी साक्ष्यों सहित प्रकरण सक्षम प्राधिकारी, मुंबई को भेजा था।
सुनवाई के दौरान आरोपी और उसके परिजनों को संपत्तियों के वैध आय स्रोत के संबंध में जानकारी प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे संतोषजनक जवाब देने में असफल रहे। इसके बाद सक्षम प्राधिकारी ने 5 जून 2026 को दोनों वाहनों को फ्रीज करने के आदेश की पुष्टि कर दी।
आदेश के तहत अब इन वाहनों का हस्तांतरण, विक्रय अथवा अन्य किसी प्रकार का उपयोग बिना पूर्व अनुमति के नहीं किया जा सकेगा। यदि भविष्य में भी संपत्तियों का वैध स्रोत सिद्ध नहीं हो पाता है, तो नियमानुसार इन्हें स्थायी रूप से जब्त कर शासन के पक्ष में समाहित किया जा सकता है।
रायपुर पुलिस ने बताया कि नशे के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ-साथ उनकी आर्थिक गतिविधियों और अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों पर भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत मादक पदार्थों की आपूर्ति श्रृंखला को तोड़ने और तस्करों के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं।


















