ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़

सक्ती जनपद पंचायत में ACB की बड़ी कार्रवाई, 1 लाख रुपये रिश्वत लेते CEO समेत 3 गिरफ्तार

सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) की टीम ने जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) समेत तीन लोगों को रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर 12 लाख रुपये का चेक जारी करने के एवज में 2 लाख रुपये कमीशन मांगने का आरोप है।

ACB से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लिमतरा निवासी अरुण कुमार भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में उन्होंने बताया कि उनकी माता ग्राम पंचायत लिमतरा की सरपंच हैं। प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना के तहत पंचायत में निर्मला घाट, नाली निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये स्वीकृत किए गए थे। इनमें से 8 लाख रुपये का भुगतान पहले ही हो चुका था, जबकि शेष 12 लाख रुपये का चेक जारी होना बाकी था।

शिकायतकर्ता के अनुसार, शेष राशि का चेक जारी कराने के लिए जब उन्होंने जनपद पंचायत सक्ती के CEO निखिल कश्यप और बाबू अविनाश ठाकुर से संपर्क किया, तो दोनों ने 2 लाख रुपये रिश्वत की मांग की। रिश्वत नहीं देने की इच्छा होने पर उन्होंने इसकी शिकायत ACB बिलासपुर से की।

जांच के दौरान ACB को पता चला कि आरोपी अविनाश ठाकुर ने कार्यालय के चपरासी लच्छन भानु के माध्यम से पहले ही 1 लाख रुपये की पहली किस्त प्राप्त कर ली थी। इसके बाद शेष 1 लाख रुपये की मांग लगातार की जा रही थी।

शिकायत का सत्यापन होने के बाद ACB ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और दूसरी किस्त के रूप में 1 लाख रुपये रिश्वत लेते समय जनपद पंचायत CEO निखिल कश्यप, बाबू अविनाश ठाकुर तथा चपरासी लच्छन भानु को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया।

ACB की इस कार्रवाई से जिले के प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है। ACB अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जाएगी।

What's your reaction?

Related Posts