ब्रेकिंग खबरें

छत्तीसगढ़ट्रेंडिंगराष्ट्रीय

बस्तर की बेटियों को मिलेगी नई उड़ान, कमर्शियल पायलट बनने का सुनहरा अवसर

रायपुर/ जगदलपुर। बस्तर की आदिवासी और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की बेटियों के सपनों को पंख लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। शहीद महेंद्र कर्मा विश्वविद्यालय, बस्तर और स्वावलंबी भारत अभियान के संयुक्त प्रयास से इंडिगो एयरलाइंस की सीएसआर इकाई द्वारा ‘गिविंग विंग्स टू फ्लाई’ कार्यक्रम शुरू किया गया है। इस योजना के तहत चयनित छात्राओं को कमर्शियल पायलट बनने के लिए प्रशिक्षण, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने इसे बस्तर की बेटियों के लिए ऐतिहासिक अवसर बताया है। उन्होंने विश्वविद्यालय से संबद्ध सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों से पात्र छात्राओं की पहचान कर उन्हें इस योजना से जोड़ने की अपील की है। उनका कहना है कि आर्थिक अभाव के कारण कई प्रतिभाशाली छात्राएं अपने सपनों को पूरा नहीं कर पातीं, ऐसे में यह पहल उनके लिए नई संभावनाओं के द्वार खोलेगी।

कार्यक्रम के माध्यम से चयनित युवतियों को विमानन क्षेत्र में करियर बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी प्रशिक्षण, अनुभवी विशेषज्ञों का मार्गदर्शन और आर्थिक सहयोग प्रदान किया जाएगा। इससे बस्तर की बेटियों को देश के प्रतिष्ठित एविएशन सेक्टर में अपनी पहचान बनाने का अवसर मिलेगा।

 कौन कर सकता है आवेदन?

इस योजना के लिए आवेदन करने वाली अभ्यर्थी का भारतीय महिला होना आवश्यक है। आवेदिका की आयु 18 से 35 वर्ष के बीच होनी चाहिए। साथ ही 10+2 में अंग्रेजी, भौतिकी और गणित विषयों के साथ प्रत्येक विषय में न्यूनतम 51 प्रतिशत अंक प्राप्त होना अनिवार्य है। इसके अलावा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) का वैध प्रमाण पत्र भी होना चाहिए।

 30 जून तक कर सकेंगी आवेदन

इच्छुक छात्राएं 30 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं। आवेदन केवल इंडिगो के आधिकारिक पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों से पात्र एवं इच्छुक छात्राओं की जानकारी निर्धारित गूगल फॉर्म के माध्यम से विश्वविद्यालय को भेजने का अनुरोध किया है। यह पहल बस्तर की बेटियों को आसमान छूने का अवसर देने के साथ-साथ क्षेत्र की महिलाओं को आत्मनिर्भर और सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

What's your reaction?

Related Posts