ब्रेकिंग खबरें

राष्ट्रीयट्रेंडिंग

पंक्चर बनाने वाले को मिला 100 करोड़ का समन, जांच करने पहुंचे अधिकारी भी रह गए हैरान

यूपी के गोरखपुर से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां, एम्स क्षेत्र के रामपुर बुजुर्ग के रहने वाले एक पंक्चर बनाने वाले दुकानदार के नाम से 100 करोड़ टर्नओवर का सीजीएसटी का समन आया है। समन देखते ही दुकानदार राज प्रजापति के होश उड़ गए। वहीं, जांच करने पहुंचे अधिकारी भी दंग रह गए। उधर, इस मामले की तहरीर मिलने के बाद गोरखपुर पुलिस जांच में जुट गई है।

पीड़ित के अनुसार, उसे 2024 में बहन की शादी के लिए पैसे की जरूरत थी। ऐसे में गांव के एक व्यक्ति से उधार पैसे लिए थे। उस व्यक्ति ने रुपये दिलाने के नाम पर आधार, पैन कार्ड लेने के साथ दो बार वीडियो बनाकर हस्ताक्षर कराया। उसी दस्तावेज से मेसर्स गड़जेट्रीक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के नाम से फर्जी कंपनी और एस बैंक में खाता खुलवा लिया गया। इस फर्जीवाड़े की भनक उसे नहीं लगी।

फरवरी 2026 में वाराणसी की सीजीएसटी के अधिकारियों को जांच के दौरान मेसर्स गड़जेट्रीक टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर करीब 100 करोड़ रुपये के कारोबार की जानकारी मिली। जांच में यह भी सामने आया कि कंपनी पर लगभग 28 करोड़ रुपये का सीजीएसटी बकाया है और इतना बड़ा कारोबार करने के बाद कंपनी बंद हो चुकी है। इसके बाद मार्च 2026 में सीजीएसटी की टीम जांच के लिए रामपुर बुजुर्ग स्थित राज प्रजापति की पंक्चर की दुकान पर पहुंची। वहां पहुंचकर अधिकारी यह देखकर हैरान रह गए कि जिस व्यक्ति के नाम पर कंपनी संचालित दिखाई जा रही है, वह एक साधारण पंक्चर दुकानदार है। राज प्रजापति ने अधिकारियों को पूरे मामले की जानकारी दी, जिसके बाद टीम बिना किसी कार्रवाई के लौट गई।

समन देख दुकानदार के उड़े होश

हालांकि, 27 मई को राज प्रजापति के नाम सीजीएसटी, वाराणसी की ओर से समन जारी किया गया। समन में उन्हें 29 मई को सीजीएसटी कमिश्नर कार्यालय, बनारस में उपस्थित होने का निर्देश दिया गया था। समन मिलने के बाद राज प्रजापति के होश उड़ गए। इसके बाद उन्होंने 30 मई को एम्स थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उनके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर फर्जी कंपनी बनाई गई है। साथ ही उन्होंने इस धोखाधड़ी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

What's your reaction?

Related Posts