NEET यूजी 2026 की दोबारा होने वाली परीक्षा से ठीक पहले एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) की ओर से जारी एडमिट कार्ड में एक कथित गड़बड़ी के चलते नागपुर के एक छात्र को परीक्षा केंद्र के तौर पर संयुक्त अरब अमीरात (UAE) का ‘अबू धाबी’ अलॉट कर दिया गया। 21 जून को होने वाली इस री-नीट परीक्षा से पहले इस घटना ने सबका ध्यान अपनी ओर खींचा है।
छात्र के पास पासपोर्ट तक नहीं
जानकारी के मुताबिक, अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब नाम के इस छात्र ने नागपुर से आवेदन किया था और उसे पूरी उम्मीद थी कि उसे देश के भीतर ही कोई परीक्षा केंद्र मिलेगा। लेकिन जब उसने आधिकारिक वेबसाइट से अपना री-नीट 2026 का एडमिट कार्ड डाउनलोड किया, तो उसमें भारत के बजाय अबू धाबी (UAE) स्थित एक ‘इंडियन स्कूल’ को परीक्षा केंद्र बताया गया था।
इस छात्र के लिए समस्या इसलिए भी बड़ी हो गई क्योंकि उसके पास पासपोर्ट ही नहीं है, जिसके कारण विदेश यात्रा करके परीक्षा में शामिल होना उसके लिए पूरी तरह से असंभव है। सोशल मीडिया पर भी इस एडमिट कार्ड का एक स्क्रीनशॉट तेजी से वायरल हो रहा है।
छात्र अब्दुल्ला मोहम्मद तालिब के पिता मोहम्मद तालिब ने एएनआई से बात करते हुए कहा, “…कल शाम 4 बजे एडमिट कार्ड डाउनलोड करने के बाद, हमने देखा कि सेंटर के तौर पर अबू धाबी का एक स्कूल बताया गया था। हम बहुत हैरान रह गए क्योंकि हमने अपनी पसंद में ऐसा कोई ऑप्शन नहीं दिया था। हमने हेल्पलाइन नंबर पर कॉल किया। उन्होंने हमें मेल भेजने के लिए कहा। जब हमने मेल भेजा, तो हमें कॉल आया कि शनिवार शाम 4 बजे तक हमें नया एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा। हमने ऑप्शन के तौर पर 3 जिले चुने थे, लेकिन अब हमारी मांग है कि नागपुर को सेंटर बनाया जाए क्योंकि वह सदमे में है। किसी दूसरे जिले में जाने का समय नहीं है। वह कल बहुत रोया और परीक्षा भी नहीं देना चाहता था। लेकिन उसकी मां ने उसे समझाने की कोशिश की। अगर वह मान जाता है, तो वह परीक्षा देगा। उसके पास पासपोर्ट भी नहीं है…”
NTA ने मानी गलती, दिया ये आश्वासन
मामला तूल पकड़ने के बाद इसे एनटीए अधिकारियों के संज्ञान में लाया गया। रिपोर्ट्स के अनुसार, एनटीए ने अपनी गलती स्वीकार कर ली है और बताया है कि यह एक ‘तकनीकी गड़बड़ी’ के कारण हुआ है। एजेंसी ने छात्र के परिवार को भरोसा दिया है कि इस पर तुरंत सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।
छात्र को सही परीक्षा केंद्र के साथ एक नया और संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा। परिवार के करीबी सूत्रों ने बताया कि उन्हें एनटीए की तरफ से एक ईमेल भी मिला है, जिसमें शाम तक इस गलती को सुधारने का आश्वासन दिया गया है।
21 जून को होनी है परीक्षा, इन बातों का रखें ध्यान
री-नीट यूजी 2026 परीक्षा 21 जून को आयोजित होने जा रही है। यह परीक्षा पेन-पेपर मोड में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। सभी उम्मीदवारों को परीक्षा केंद्र पर अपना एडमिट कार्ड और अन्य निर्धारित दस्तावेज अनिवार्य रूप से साथ ले जाने होंगे। उम्मीदवारों को यह भी सलाह दी गई है कि अगर उनके एडमिट कार्ड में व्यक्तिगत जानकारी, परीक्षा केंद्र या किसी अन्य डिटेल में कोई गड़बड़ी दिखती है, तो वे तुरंत इसकी शिकायत दर्ज कराएं।


















