नई दिल्ली: देश की आंतरिक सुरक्षा और खुफिया एजेंसी इंटेलिजेंस ब्यूरो को अपना नया प्रमुख मिल गया है। केंद्र सरकार ने 1993 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को नया आईबी प्रमुख नियुक्त किया है। वर्तमान निदेशक तपन डेका दो बार सेवा विस्तार मिलने के बाद 30 जून को रिटायर हो रहे हैं, जिसके ठीक बाद तेलंगाना कैडर के महेश दीक्षित खुफिया एजेंसी के चीफ के रूप में कमान संभालेंगे।
आईपीएस महेश दीक्षित को क्यों मिली ये जिम्मेदारी
आपको बता दें कि तेलंगाना कैडर के आईपीएस अधिकारी महेश दीक्षित को यह बड़ी जिम्मेदारी उनके शानदार ट्रैक रिकॉर्ड और राष्ट्रीय सुरक्षा में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के चलते दी गई है। उन्होंने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाए जाने के दौरान वहां के सुरक्षा प्रबंधन में बेहद अहम भूमिका निभाई थी। इसके अलावा घाटी में आतंकवाद के खिलाफ अभियानों को धार देने और वहां सामान्य स्थिति बहाल करने में उनका बड़ा योगदान रहा है।
संवेदनशील क्षेत्रों में काम करने का अनुभव
इसके अलावा आईपीएस महेश दीक्षित के पास जम्मू-कश्मीर और लद्दाख जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में काम करने का गहरा अनुभव है। उन्होंने श्रीनगर में सब्सिडियरी इंटेलिजेंस ब्यूरो (SIB) के प्रमुख के रूप में आतंकवाद विरोधी अभियानों का नेतृत्व किया था, जिसका अधिकार क्षेत्र पूरे जम्मू, कश्मीर और लेह लद्दाख तक फैला हुआ था। उनके इसी जमीनी और खुफिया ऑपरेशन्स के अनुभव को देखते हुए सरकार ने उन्हें देश की आंतरिक सुरक्षा की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है।


















