रायपुर। रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर की सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों में क्यूआर कोड चस्पा करने की शुरुआत कर दी है। यातायात कार्यालय कालीबाड़ी परिसर में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला ने इस व्यवस्था का शुभारंभ किया।
पुलिस आयुक्त ने बताया कि किसी भी शहर की यातायात व्यवस्था की पहचान उसके सार्वजनिक परिवहन तंत्र से होती है। इसी उद्देश्य से 20 मई 2026 को ऑटो एवं ई-रिक्शा के डिजिटल पंजीयन अभियान की शुरुआत की गई थी। अब इसके दूसरे चरण में सभी पंजीकृत वाहनों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस, ऑटो यूनियनों और वाहन चालकों के समन्वित प्रयासों से मात्र 15 दिनों में 15,047 ऑटो एवं ई-रिक्शा वाहनों का ऑनलाइन पंजीयन किया गया। इस उपलब्धि के साथ रायपुर देश का पहला जिला बन गया है जिसने सार्वजनिक परिवहन से जुड़े इतने बड़े पैमाने पर डिजिटल पंजीयन कर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में अपना नाम दर्ज कराया है। इस उपलब्धि पर गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की टीम ने पुलिस अधिकारियों को प्रमाण-पत्र और पदक प्रदान किए।

नई व्यवस्था के तहत यात्री वाहन में लगे क्यूआर कोड को मोबाइल कैमरे से स्कैन कर चालक और वाहन से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। इससे यात्रियों की सुरक्षा बढ़ेगी तथा किसी सामान के वाहन में छूट जाने की स्थिति में वाहन मालिक तक पहुंचना भी आसान होगा। पुलिस ने नागरिकों से केवल क्यूआर कोड लगे ऑटो और ई-रिक्शा का ही उपयोग करने की अपील की है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कई बार ऑटो और ई-रिक्शा का उपयोग आपराधिक गतिविधियों में होने की शिकायतें मिलती हैं। ऐसे में क्यूआर कोड आधारित पहचान व्यवस्था अपराध नियंत्रण और यात्री सुरक्षा दोनों के लिए उपयोगी साबित होगी। आगामी चरण में वाहन चालकों को परिचय पत्र जारी किए जाएंगे तथा ऑटो स्टैंडों का चिन्हांकन भी किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान यातायात, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा और सड़क सुरक्षा विषयों पर तैयार लघु फिल्मों का प्रदर्शन भी किया गया। इन फिल्मों को सोशल मीडिया, एलईडी स्क्रीन, मॉल और मल्टीप्लेक्स के माध्यम से व्यापक जनजागरूकता के लिए प्रसारित किया जाएगा।
इस अवसर पर अमित तुकाराम कांबले, मयंक गुर्जर, संदीप पटेल, स्मृतिक राजनाला, अर्चना झा, विवेक शुक्ला सहित अनेक अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और ऑटो यूनियन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सीमा अहिरवार ने आभार व्यक्त किया।


















